हावड़ा. पारिवारिक विवाद में उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. यह घटना पिछले सप्ताह हावड़ा के बांकड़ा के मुंशीरडांगा इलाके में हुई थी. गंभीर रूप से घायल परीक्षार्थी शाहिद गाजी का फिलहाल घर पर ही इलाज चल रहा है. उसके सिर में चोट लगी है. वह इस वर्ष परीक्षा नहीं दे पा रहा है. पीड़ित के पिता अबुल हुसैन गाजी ने डोमजूर थाने में घटना की शिकायत दर्ज करायी है. जानकारी के अनुसार, शाहिद का सेंटर जगाचा हाई स्कूल में पड़ा था. उसके पिता अबुल का अपने भाई मंदार से पुश्तैनी मकान के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है. बुधवार को मंदार कुछ लोगों के साथ उनके घर आया और हमला कर दिया. शाहिद के सिर और कंधे पर लाठी व हथौड़े से प्रहार किया गया. गंभीर रूप से घायल छात्र को हावड़ा अस्पताल ले जाया गया. शाहिद के पिता अबुल ने बताया कि उनके बेटे को इस तरह से पीटा गया कि अब वह अपनी गर्दन भी नहीं हिला पा रहा है. दो परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं. इस वर्ष वह परीक्षा नहीं दे पायेगा. थाने में शिकायत दर्ज करायी है, पर अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
