संवाददाता, कोलकाता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दीघा में जगन्नाथ धाम बनाने का काम हिडको को सौंपा था. इस बार वह दीघा में होटल बनाने जा रहा है. हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हिडको) ने इस बारे में डबल टेंडर जारी किया. हिडको की तरफ से जारी पहले नोटिस में कहा गया है कि यह होटल दीघा के वेस्ट गदाधरपुर मौजा में 34 प्लॉट पर बनेगा. कुल जमीन का एरिया 6.88 एकड़ है. दूसरे टेंडर में 12 प्लॉट का ज़िक्र है. कुल ज़मीन का एरिया 2.29 एकड़ है. यानी हिडको यह होटल करीब 10 एकड़ ज़मीन पर बनायेगा. इस टेंडर को फाइनल करने की प्रक्रिया 18 मार्च को पूरा हो जायेगा. हिडको ई-ऑक्शन प्रोसेस के ज़रिए टेंडर को फाइनल करेगा. कौन टेंडर जमा कर सकता है, इसके लिए क्राइटेरिया भी तय कर दी गयी है. कहा गया है कि ई-ऑक्शन में सिर्फ़ वही कंपनियां हिस्सा ले सकती हैं, जिनका पिछले तीन वित्तीय वर्ष में हर साल कम से कम 100 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है. हालांकि अगर सब कुछ ठीक रहा, तो टेंडर फाइनल होने से पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तिथि की घोषणा हो सकती है. हिडको होटल निर्माण का काम पूरा करने के लिए पांच साल की समय-सीमा तय की है.
हिडको के सूत्रों के मुताबिक निर्माण में लगभग 200 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है. होटल निर्माण को लेकर बुधवार को हिडको की चेयरपर्सन व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि दीघा में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. जगन्नाथ धाम बनने के बाद इसमें और तेज़ी आयी है. हिडको ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. दीघा में जगन्नाथ धाम का उद्घाटन पिछले साल अप्रैल में अक्षय तृतीया के दिन हुआ था. पिछले दिसंबर में आठ महीने पूरे होने से पहले ही जगन्नाथ धाम आने वालों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गयी थी.