पश्चिम बंगाल से दूर रहें पीएम नरेंद्र मोदी ईश्वर ने दे दी है चेतावनी : कल्याण बनर्जी

श्रीरामपुर से तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का डेस्टिनेशन पश्चिम बंगाल नहीं हो सकता. बंगाल से जितना दूर रहें, उनके लिए उतना ही बेहतर है.

खराब मौसम में रद्द हुई ताहेरपुर की सभा को बताया ‘ईश्वरीय संकेत’

प्रतिनिधि, हुगली

श्रीरामपुर से तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का डेस्टिनेशन पश्चिम बंगाल नहीं हो सकता. बंगाल से जितना दूर रहें, उनके लिए उतना ही बेहतर है. शनिवार को नदिया जिले के तहेरपुर में ईश्वर ने इस बात की चेतावनी दे दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की झूठ बोलने की आदत के कारण मौसम ने भी उनका साथ नहीं दिया. उल्लेखनीय है कि शनिवार को नदिया जिले के तहेरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सभा प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर वहां नहीं उतर सका.

इसके बाद प्रधानमंत्री ने फोन के माध्यम से भाजपा समर्थकों को संबोधित किया. इसी संदर्भ में रविवार को कल्याण बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री का गंतव्य कभी पश्चिम बंगाल नहीं होगा. यह बात ईश्वर ने साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले भी बंगाल के लिए जंगलराज जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं, लेकिन हर बार बंगाल की जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है. जो व्यक्ति बंगाल और बांगालियों का अपमान करता है और राज्य को वंचित करता है, वह बंगाल का विकास कैसे करेगा?

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि सौ दिन का काम बंगाल के गरीब लोगों के लिए था, लेकिन केंद्र सरकार ने यह राशि क्यों नहीं दी. हाइकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद केंद्र सरकार ने अब तक यह पैसा जारी नहीं किया. उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को हर समय वंचित करने की ऐसी मानसिकता को राज्य कभी स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा बांगालियों को सहन नहीं कर पाती है और यह बात ‘ओएमआर’ विवाद से साबित हो चुकी है. भाजपा ने रवींद्रनाथ ठाकुर से लेकर राजा राममोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर और ऋषि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय तक सभी महापुरुषों का अपमान किया है. कल्याण बनर्जी ने कहा कि जिस तरह से बंगाल और बांगालियों का अपमान किया गया है, उसका उचित जवाब वर्ष 2026 में दिया जायेगा. उन्होंने मतुआ समुदाय के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से दिये गये किसी भी आश्वासन को अब तक पूरा नहीं किया गया है. भाजपा के मंत्री शांतनु ठाकुर नागरिकता देने की बात करते हैं, लेकिन क्या यह ऐसे ही हो सकता है? नागरिकता कानून की एक तय प्रक्रिया है और सरकारी नियम हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ इकट्ठा कर पैसे लिए जा रहे हैं और ऐसे कागज दिये जा रहे हैं जिनकी कोई वैधता नहीं है. कल्याण बनर्जी ने कहा कि मतुआ समुदाय के वोट और भावनाओं के सहारे भाजपा वर्ष 2024 तक जीतती रही, लेकिन अब मतुआ समाज समझ चुका है कि नरेंद्र मोदी उनके लिए कुछ नहीं करेंगे. उन्होंने दावा किया कि मतुआ समाज के लिए जो कुछ किया है और आगे करेगा, वह केवल ममता बनर्जी ही करेंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >