घायल छात्र की शिकायत पर शिक्षा मंत्री समेत तीन के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) कैंपस में शनिवार को हुई घटना में घायल छात्र इंद्रानुज राय की शिकायत पर गुरुवार को जादवपुर थाने की पुलिस ने राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु, प्रोफेसर ओम प्रकाश मिश्रा और बसु के कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

जेयू विवाद. प्रदर्शन जारी, राज्यपाल ने आज कुलपतियों की बुलायी आपात बैठक

संवाददाता, कोलकाताजादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) कैंपस में शनिवार को हुई घटना में घायल छात्र इंद्रानुज राय की शिकायत पर गुरुवार को जादवपुर थाने की पुलिस ने राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु, प्रोफेसर ओम प्रकाश मिश्रा और बसु के कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटना के पांच दिनों बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. सूत्रों के अनुसार, हत्या की कोशिश समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग-अलग धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की गयी है. गत एक मार्च को शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु जादवपुर विश्वविद्यालय में वेस्ट बंगाल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी प्रोफेसर्स एसोसिएशन (बेवकुपा) की वार्षिक आम बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे. इस दौरान माकपा समर्थित छात्र संगठन ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआइ) के सदस्यों ने जेयू में छात्र संघ चुनाव तत्काल कराने की मांग करने लगे. जमकर हंगामा हुआ. कथित रूप से बसु की कार में तोड़फोड़ की गयी. वहीं, घटना में इंद्रानुज राय नामक एक छात्र घायल हो गया. एसएफआइ की ओर से आरोप लगाया गया कि शिक्षा मंत्री की कार ने छात्र को कुचलने की कोशिश की. मामले को लेकर कलकत्ता हाइकोर्ट के निर्देश के बाद जादवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

उधर, जेयू में विरोध-प्रदर्शन गुरुवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआउ), ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआइडीएसओ) और वामपंथी संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने परिसर के अंदर रैलियां कीं तथा प्रशासनिक भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया. एसएफआइ की जादवपुर विश्वविद्यालय इकाई के नेता रसेल परवेज ने बताया: जब तक पुलिस बसु और पश्चिम बंगाल कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रोफेसर एसोसिएशन (डब्ल्यूबीसीयूपीए) के सदस्य ओम प्रकाश मिश्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं करती, तब तक हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे, जिनकी गाड़ी ने परिसर से बाहर निकलते समय एक अन्य छात्र अनुभव को भी टक्कर मार दी थी. कार्यवाहक कुलपति भास्कर गुप्ता की अस्वस्थता के बारे में रसेल परवेज ने कहा: हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में हमारी मांगों को पूरा करने की प्रक्रिया को अनिश्चितकाल तक विलंबित नहीं किया जाना चाहिए. यहां एक सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार करा रहे भाष्कर गुप्ता की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है. चिकित्सकों के अनुसार, श्री गुप्ता का रक्तचाप अभी उच्च स्तर पर है.

एक मार्च को अस्पताल में घायल छात्र इंद्रनुज राय से मिलने के दौरान आंदोलनकारी छात्रों के एक वर्ग द्वारा कथित तौर पर मारपीट किये जाने के बाद भाष्कर गुप्ता ने अस्वस्थ महसूस किया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

ब्रात्य बसु को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा

जादवपुर यूनिवर्सिटी की घटना के मद्देनजर राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ की ओर से उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गयी है. पिछले शनिवार को जादवपुर विश्वविद्यालय में वेबकूपा की वार्षिक आम बैठक के दौरान वामपंथी छात्र संगठन ने छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया था और उनको दो घंटे तक बंधक बनाये रखा था. उनके खिलाफ नारेबाजी की थी. इसके बाद उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की गयी थी. इस घटना में आरोप लगाये गये कि शिक्षा मंत्री समेत कई प्रोफेसरों को परेशान किया गया. वेबकूपा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दावा किया कि शिक्षा मंत्री की कार पर हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया. तनाव तब और बढ़ गया जब ब्रात्य बसु वेबकूपा की मीटिंग के लिए जादवपुर गये. प्रदर्शनकारी उनकी बैठक स्थल में घुस गये और हंगामा शुरू कर दिया था. कथित तौर पर शिक्षा मंत्री की कार का शीशा तोड़ दिया गया. इसके बाद से कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. छात्रों के हमले में शिक्षा मंत्री घायल भी हो गये थे. वेबकूपा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि यह कार्यक्रम प्रोफेसरों के लिए था. पूरे राज्य से प्रोफेसर आये थे लेकिन हंगामे के बीच प्रोफेसर भी दहशत में आ गये थे.

राज्यपाल ने जेयू की घटना पर मांगी थी रिपोर्ट

इस बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने जादवपुर विश्वविद्यालय गतिरोध पर चर्चा के लिए शुक्रवार को राजभवन में कुलपतियों की एक आपात बैठक बुलायी है. उन्होंने बताया कि जादवपुर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति से परिसर में छात्रों की हिंसक गतिविधियों के बारे में रिपोर्ट मिलने के बाद डॉ बोस ने यह फैसला लिया. अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ने जेयू के कुलपति से तत्काल रिपोर्ट मांगी थी. रिपोर्ट मिलने के बाद कुलाधिपति ने शुक्रवार को सभी कुलपतियों की एक आपात बैठक बुलायी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >