डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल की सात लाख के अंतर से चुनावी जीत संगठित धोखाधड़ी : भाजपा

मालवीय ने यह भी दावा किया था कि वर्ष 2024 में लागू किया गया डायमंड हार्बर मॉडल ही इस बात का जवाब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारत के चुनाव आयोग के विशेष प्रोत्साहन संशोधन (एसआइआर) का कड़ा विरोध क्यों कर रही हैं.

कोलकाता. भाजपा ने रविवार को बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 के चुनावों में पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की जीत ‘भ्रष्टाचार’ का नतीजा थी. दक्षिण 24 परगना की इस सीट से तृणमूल भारी मतों के अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही थी. पिछले साल लोकसभा चुनावों में, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से भाजपा के अभिजीत दास उर्फ बॉबी को 7,10,930 मतों के अंतर से हरा कर तीसरी बार निर्वाचित हुए. भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के प्रमुख और पश्चिम बंगाल में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित मालवीय ने इस दिन सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अपने तर्क को सही ठहराया कि डायमंड हार्बर से यह रिकॉर्ड अंतर संगठित वोट-लूट का नतीजा था. अपने तर्क को सही ठहराते हुए, मालवीय ने पश्चिम बंगाल में बीएलओ ऐक्य मंच और बूथस्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के एक संघ के महासचिव स्वपन मंडल के एक हालिया टेलीविजन चैनल साक्षात्कार का हवाला दिया. 2024 में डायमंड हार्बर में कथित चुनावी गड़बड़ियों पर मंडल के साक्षात्कार में दिये गये बयानों का हवाला देते हुए (जिसकी सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर ने नहीं की है) मालवीय ने आरोप लगाया : अभिषेक बनर्जी की जीत का अंतर पश्चिम बंगाल की चुनावी प्रक्रिया पर एक कलंक है. पूर्व पीठासीन अधिकारी स्वपन मंडल के बयान से पता चलता है कि यह रिकॉर्ड सुनियोजित लूट के जरिये बनाया गया था, जो तृणमूल की लोकतंत्र के प्रति बेशर्मी भरी अवमानना को उजागर करता है. मालवीय ने मंडल के विभिन्न दावों का हवाला दिया, जैसे वास्तविक मतदाताओं को वोट डालने से रोकना, अन्य उम्मीदवारों के ईवीएम बटनों को काले टेप से ढकना, केवल तृणमूल कांग्रेस के बटन को खुला छोड़ना और मृत व्यक्तियों और निर्वाचन क्षेत्र से अनुपस्थित प्रवासी मजदूरों के नाम पर वोट डालना, आदि. मालवीय ने यह भी दावा किया था कि वर्ष 2024 में लागू किया गया डायमंड हार्बर मॉडल ही इस बात का जवाब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारत के चुनाव आयोग के विशेष प्रोत्साहन संशोधन (एसआइआर) का कड़ा विरोध क्यों कर रही हैं. मालवीय ने कहा : स्वपन मंडल ने संकेत दिया है कि व्यापक अनियमितताएं, जिनमें मृत, अनुपस्थित और संभावित रूप से अवैध मतदाता शामिल हैं. तृणमूल के वोटों को बढ़ा रही हैं. एसआइआर के माध्यम से एक साफ-सुथरी मतदाता सूची तृणमूल के कपटपूर्ण जनादेश की नींव को ही ध्वस्त कर देगी. उसे जीवित रहने के लिए इस समझौतापूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र की आवश्यकता है. उनके अनुसार, वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में इसी तरह की चुनावी गड़बड़ियों को रोकने के लिए पहला महत्वपूर्ण कदम बंगाल की जनता के सच्चे जनादेश को पुनः प्राप्त करने के लिए एक संपूर्ण, पारदर्शी एसआइआर सुनिश्चित करना जरूरी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >