पुलिस ने आरोपी व उसकी पत्नी को किया गिरफ्तार
प्रतिनिधि, बैरकपुर
उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट के मटिया थाना अंतर्गत कचुआ ग्राम पंचायत अधीन कुरुलिया ग्राम में मात्र चार इंच जमीन को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी हिंसा में तब्दील हो गया. आरोप है कि बड़े भाई ने बांस से पीट-पीट कर अपने छोटे चचेरे भाई की हत्या कर दी. साथ ही इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हो गये. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक ही हालत गंभीर बतायी जा रही है. उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पार्थ मंडल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि चार इंच जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. शुक्रवार को एक पक्ष द्वारा बिजली का अर्थिंग हटाने पर हाथापाई शुरू हो गयी. आरोप है कि बड़े भाई ने बांस से अपने छोटे भाई के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी.
मृतक का नाम हराधन मंडल (30) है. मारपीट में दो अन्य लोग घायल हो गये. इनमें मृतक के पिता और पत्नी शामिल हैं, जिन्हें बारासात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
