मालदा के स्कूल में शिक्षकों की पिटाई के मामले में काउंसिल ने उठाया कड़ा कदम
संवाददाता, कोलकातामालदा के कालियाचक 3 ब्लॉक के चामग्राम हाइस्कूल में शिक्षकों की पिटाई की घटना में शामिल कामरीटोला हाइ मदरसा के नौ उच्च माध्यमिक परीक्षार्थियों की परीक्षाएं रद्द कर दी गयी हैं. पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ चिरंजीव भट्टाचार्य ने गुरुवार को यह जानकारी दी. इन छात्रों पर परीक्षा केंद्र में बुधवार को प्रवेश के समय गेट पर तलाशी के दौरान शिक्षकों पर हमले का आरोप है. परीक्षार्थियों के हमले में छह शिक्षक घायल हो गये. दो की हालत गंभीर बतायी गयी है.परिषद अध्यक्ष डॉ भट्टाचार्य ने कहा कि शिक्षकों पर हाथ उठाने की घटना हरगिज बर्दाश्त नहीं कर सकती है. इसलिए गुरुवार को काउंसिल ने मालदा के स्कूल शिक्षकों की पिटाई की घटना के आरोपी नौ परीक्षार्थियों की सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गयी हैं. दो स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है. काउंसिल अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा में बैठने से पहले अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाती है, कि कहीं वह पर्चा तो लिखकर नहीं लाये हैं. तलाशी से अंग्रेजी की परीक्षा में बुधवार को कुछ परीक्षार्थी उत्तेजित हो गये और शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे. उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी परीक्षा रद्द कर दी गयी है. हालांकि पहली दो परीक्षाएं शांतिपूर्ण रहीं. मालदा में आरोप है कि छात्रों ने शिक्षकों की पिटाई कर दी. उच्च माध्यमिक परीक्षाएं 18 मार्च तक चलेंगी. परीक्षा तीन मार्च से शुरू हुई है. परिषद अध्यक्ष ने कहा कि इन नौ छात्रों का एक साल बर्बाद होने जा रहा है, क्योंकि उन्होंने बड़ी गलती की है. गुरुवार को डॉ भट्टाचार्य ने उत्तर दिनाजपुर के कर्नाजोरा सर्किट के कई स्कूलों का दौरा किया. अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षार्थियों में से कोई भी शिक्षकों की पिटाई की घटना में संलिप्त पाया गया तो उनकी परीक्षाएं भी रद्द कर दी जायेंगी. इस पिटाई में छह शिक्षक घायल हो गये थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
