संवाददाता, कोलकाता.
सीमा सुरक्षा बल के पूर्वी कमान (कोलकाता) के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) महेश कुमार अग्रवाल ने वार्षिक निरीक्षण के सिलसिले में उत्तर बंगाल सीमांत का दौरा किया. वह गुरुवार को कदमतला स्थित बल के सीमांत मुख्यालय पहुंचे. उत्तर बंगाल सीमांत के महानिरीक्षक मुकेश त्यागी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. महानिरीक्षक सीमांत ने श्री अग्रवाल को भारत-बांग्लादेश सीमा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति और उभरती चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने परिचालन और प्रशासनिक चुनौतियों पर चर्चा की. श्री अग्रवाल ने सीमा पार से होने वाले किसी भी अपराध के प्रयास को विफल करने के लिए शून्य रेखा पर वर्तमान सुरक्षा स्थिति के दौरान सैनिकों को अतिरिक्त सतर्क रहने का भी निर्देश दिया. उन्होंने बहादुर सैनिकों के प्रयासों की सराहना की. साथ ही परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक प्रयास के रूप में पौधारोपण भी किया. एडीजी (पूर्वी कमान) अग्रवाल ने प्रशिक्षण सुविधा में सुधार के लिए बीएसएफ परिसर कदमतला में ड्रिल-सह-दरबार शेड की आधारशिला रखी. उसके बाद उन्होंने सेक्टर मुख्यालय, बीएसएफ सिलीगुड़ी राधाबाड़ी का दौरा किया. डीआइजी सिलीगुड़ी ने उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. एडीजी बीएसएफ (पूर्वी कमान) ने सिलीगुड़ी सेक्टर के अंतर्गत 93वीं बटालियन बीएसएफ की सीमा चौकियों चाणक्य, साकेत, श्याम और भारत का भी दौरा किया. उन्होंने प्रहरी भोज के दौरान प्रहरियों से बातचीत की. साथ ही सीमा चौकी श्याम में एक सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
