तृणमूल की तुलना जमात से करने पर भाजपा पर जमकर बरसे ब्रात्य बसु

बांग्लादेश में चल रहे 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के बीच वहां छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आयी हैं. जमात-ए-इस्लामी पर जबरन बूथ कब्जाने, बैलेट छीनने और विपक्षी दलों के एजेंटों को डरा कर बूथ से बाहर करने के आरोप लगे हैं.

संवाददाता, कोलकाता

बांग्लादेश में चल रहे 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के बीच वहां छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आयी हैं. जमात-ए-इस्लामी पर जबरन बूथ कब्जाने, बैलेट छीनने और विपक्षी दलों के एजेंटों को डरा कर बूथ से बाहर करने के आरोप लगे हैं. इसी संदर्भ में प्रदेश भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि बांग्लादेश में जमात जिस तरीके से चुनाव करा रही है, वह तृणमूल कांग्रेस की शैली से मिलती-जुलती है.

इस आरोप पर राज्य के शिक्षा मंत्री व तृणमूल नेता ब्रात्य बसु ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. गुरुवार को यहां तृणमूल भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य के साथ मौजूद ब्रात्य बसु ने भाजपा के बयान पर व्यंग्य करते हुए कहा : अगर भाजपा को बांग्लादेश की जमात में भी तृणमूल नजर आ रही है, तो दो दिन बाद वे यह भी कहेंगे कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के अपहरण के पीछे भी तृणमूल का हाथ है.

ब्रात्य बसु ने कहा कि किसी दूसरे देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है, लेकिन भाजपा हर घटना में तृणमूल को घसीटने की कोशिश करती है. उनके अनुसार, यह राजनीतिक हताशा का परिचायक है.

संवाददाता के दौरान तृणमूल नेताओं ने भाजपा शासित राज्यों में बंगाली प्रवासी मजदूरों पर हो रहे हमलों का मुद्दा भी उठाया. पुणे में पुरुलिया के प्रवासी मजदूर सुखेन महतो की मौत का जिक्र करते हुए श्री बसु ने आरोप लगाया : आपने (भाजपा ने) बंगाल और बंगालियों के खिलाफ जैसे युद्ध छेड़ दिया है. प्रवासी मजदूर, आदिवासी, अनुसूचित जाति-जनजाति के गरीब लोगों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही है. यह आपकी मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने विधायक हुमायूं कबीर के मुद्दे पर भी टिप्पणी की.

श्री बसु ने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर ने पुलिस की अनुमति के बिना कार्यक्रम किया. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले दो महीने तक राजनीतिक हलचल रहेगी, मार्च में चुनाव की घोषणा हो सकती है और मई तक नयी सरकार का गठन हो जायेगा. चौथी बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार शपथ लेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >