बरानगर पुलिस ने आमडांगा से चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पार्षद कोटे से सिविक वॉलंटियर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है.

पार्षद कोटे से सिविक वॉलंटियर की नियुक्ति का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़

प्रतिनिधि, बरानगर

पार्षद कोटे से सिविक वॉलंटियर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है. पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. बरानगर नगर पालिका के कई पार्षदों को पिछले मंगलवार को पार्षद कोटे से सिविक वॉलंटियर और कांस्टेबल की भर्ती कराने के लिए फोन आया. एक के बाद एक पार्षदों को फोन आने लगे, हालांकि सभी तो नहीं लेकिन एक पार्षद ठगों के झांसे में आ गये. उन्होंने ठगों को दो नाम दे दिये. ठगों ने उन लोगों को फोन करके उनसे पैसे ऐंठ लिये. ठगों के जाल में फंसने का एहसास होने पर पार्षद ने तुरंत इसकी शिकायत बरानगर पुलिस स्टेशन में की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आमडांगा से चार धोखेबाजों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये लोगों में मतियार रहमान, हफीजुल इस्लाम मंडल, मेहरुल्लाह मंडल और मेहरुल्लाह अली शामिल हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले मंगलवार शाम से बरानगर नगर पालिका के कई पार्षदों को एक के बाद एक कॉल आने लगे. जालसाज वाट्सऐप काल पर कॉल कर रहे थे. प्रोफाइल पिक्चर पर विश्व बांग्ला का लोगो था. जो पार्षद फोन उठाता उसे दूसरी तरफ से जानकारी दी जाति कि वह बरानगर पुलिस स्टेशन के ‘मेजो बाबू’ (एसआइ) बोल रहे हैं. बरानगर पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल और सिविक वॉलंटियर के पदों के लिए भर्ती होगी. पार्षद के लिए कुल दो कोटे हैं. कैंडिडेट के नाम जल्दी भेजें. उनके साथ उनका बायोडाटा, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी की मार्कशीट और आधार कार्ड भी भेजें. जालसाज द्वारा पार्षदों को कॉल कर जल्द से जल्द नाम बताने को कहा गया. इसके बाद बुधवार सुबह पार्षद को फिर फोन किया गया. बार-बार फोन आने पर पार्षदों ने इसकी जानकारी बरानगर नगर पालिका चेयरमैन अपर्णा मौलिक को दी. जिसके बाद उन्होंने बरानगर पुलिस स्टेशन में फोन करके मामले की सच्चाई जाननी चाही. लेकिन पुलिस स्टेशन से बताया गया कि यहां से ऐसा कोई फोन पार्षदों को नहीं किया गया है ना ही कोई भर्ती हो रही है. इसी बीच बरानगर नगर पालिका पार्षद और साउथ बरानगर शहर तृणमूल अध्यक्ष विश्वजीत बर्धन ने झांसे में आकर इलाके की एक युवती और एक युवक का नाम भर्ती के लिए जालसाज को दे दिया. जालसाजों ने जल्दी से युवती और युवक को फोन करके भर्ती के लिए प्रोसेसिंग फीस के तौर पर 69,400 रुपये की मांग की. जिसके बाद दोनों ने रुपये उनके द्वारा उपलब्ध कराये गये एकाउंट में भेज दिया. हालांकि मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने संबंधित बैंक को फोन करके उस अकाउंट को फ्रीज करा दिया जिसमें पैसा भेजा गया था. पता चला है कि युवक के पूरे पैसे फ्रीज कर दिये गये हैं. इसके चलते उसे कुछ दिनों में पैसे वापस मिल जायेगा. लेकिन युवती द्वारा दिए गए 69,400 रुपये में से 30,000 रुपये फ्रीज किया जा सका है. जालसाजों ने बाकी पैसे निकाल लिये थे.

बुधवार रात को पुलिस ने जांच के बाद आमडांगा से चार जालसाजों को गिरफ्तार किया. पार्षद विश्वजीत बर्धन बताते हैं कि जब जालसाजों ने फोन किया तो वह समझ नहीं पाये और उनका शिकार बन गये. हालांकि बारानगर पुलिस की सक्रियता से पैसों की रिकवरी हो गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >