उत्तरपाड़ा के 19 वार्डों में 24 घंटे जल आपूर्ति सेवा शुरू

उत्तरपाड़ा नगरपालिका ने 19 वार्डों में 24 घंटे जल आपूर्ति सेवा शुरू कर दी है.

फिलहाल सेवा नि:शुल्क

प्रतिनिधि, हुगली.

उत्तरपाड़ा नगरपालिका ने 19 वार्डों में 24 घंटे जल आपूर्ति सेवा शुरू कर दी है. नगरपालिका चेयरमैन दिलीप यादव ने दावा किया कि यह राज्य का पहला नगर क्षेत्र होगा जहां निवासियों को निर्बाध जल सेवा मिलेगी. आने वाले दिनों में शेष 5 वार्डों में भी यह सुविधा लागू की जायेगी.

नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से जल संरक्षण की अपील की है. पर्यावरणविद विश्वजीत मुखोपाध्याय ने कहा कि सड़कों किनारे लगे सार्वजनिक नल अक्सर खुले रह जाते हैं, जिससे जल बर्बादी होती है. इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे.

यह जल परियोजना कोतरंग इलाके में गंगा जल को शुद्ध कर आपूर्ति करने के लिए बनायी गयी है. केएमडीए द्वारा 1700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस योजना को राज्य का सबसे बड़ा जल परियोजना बताया जा रहा है. इसके माध्यम से उत्तरपाड़ा के अलावा डानकुनी औद्योगिक क्षेत्र समेत सात नगरपालिकाओं और छह पंचायतों की जल आवश्यकताओं को पूरा किया जायेगा.

दिलीप यादव ने कहा कि भविष्य में भूजल स्तर को बनाए रखने और स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गंगा जल को उन्नत तकनीक से पेयजल के रूप में उपयोग करना होगा. फिलहाल, नगरवासियों को यह सेवा नि:शुल्क मिलेगी, लेकिन प्रत्येक घर में लगाये गये जल मीटर की नियमित निगरानी की जायेगी. यदि कोई अत्यधिक जल का उपयोग करता है, तो उसे चेतावनी दी जायेगी.

वाणिज्यिक उपयोग के लिए, जैसे शॉपिंग मॉल, होटल, निजी समारोह भवन या किराये के नगर निगम भवन प्रति लीटर 10 पैसे की दर से जल शुल्क लिया जायेगा. राज्य के शहरी विकास विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शुद्ध जल आपूर्ति के साथ जल अपव्यय रोकना भी प्रशासन की प्राथमिकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >