दुर्गापुर : दुर्गापुर के सिटी सेंटर के जंक्शन मॉल पियरलेस इन होटल सहित विभिन्न इलाकों में क्रिसमस एवं 31 दिसंबर को उमड़ती भीड़ के दौरान लोगों को सुरक्षा प्रदान एवं पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने सिटी सेंटर इलाके का दौरा किया.
इस दौरान होटल, रेस्त्रां, मॉल के सामने खड़े वाहनों को पार्किंग जोन के भीतर रखने के लिए कई जरूरी निर्देश दिए गए. निर्देशों में 25 दिसंबर एवं वर्ष के अंतिम दिन 31 दिसंबर को जंक्शन मॉल से हेल्थ वर्ल्ड अस्पताल तक वन वे कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को आवाजाही के साथ वाहनों के पार्किंग में सुविधा मिलेगी. परिदर्शन पर आए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट दुर्गापुर (ईस्ट) पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि क्रिसमस एवं नव वर्ष पर बड़े-बड़े होटलों एवं रेस्तरां में लोगों की भीड़ काफी रहती है.
विगत वर्ष लोगों की भीड़ के कारण वाहनों का पार्किंग ठीक तरीके से नहीं होने पर जाम की स्थिति बन गई थी जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था. प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा के लिए कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिसका पालन से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
जंक्शन मॉल से लेकर हेल्थ सेंटर तक वन वे की व्यवस्था की गई है, वही साथ-साथ सिटी सेंटर के पियरलेस होटल मार्ग पर विशेष मार्किंग की जाएगी जिससे वाहनों का परिचालन होगा. निर्धारित पार्किंग जोन में ही वाहनों को खड़ा करना होगा. पार्किंग जोन से बाहर वाहनों को खड़ा करने पर स्पॉट फाइन भी भरना पड़ सकता है. वही पार्किंग व्यवस्था के लिए अड्डा के साथ बैठक कर सिटी सेंटर की खाली कुछ जगहों पर पेड पार्किंग जोन बनाए जाएंगे.
पार्किंग स्थानों का चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जल्द ही खाली स्थानों पर पार्किंग जोन बनाए जाएंगे. जहां लोग अपने वाहनों को सुरक्षित रख पाएंगे. मौके पर असिस्टेंट कमिश्नर पुलिस आरिश बिलाल, एसीपी ट्रैफिक एस सामंता, ट्रैफिक इंचार्ज मोहम्मद अली, थाना प्रभारी गौतम तालुकदार सहित विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
