कोलकाता :झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में अब तक आठवीं पास होने पर ही विद्यार्थियों को आइटीआइ में दाखिला मिल पाता था. लेकिन अब आठवीं पास न होने पर भी विद्यार्थियों को इंडक्शन कोर्स कराकर आइटीआइ में दाखिला दिलाया जा सकता है. इस संबंध में मार्च महीने में केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार ने बातचीत की थी. केंद्र की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद इस योजना के लिए राज्य सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.
चार जिलों में आइटीआइ में दाखिले को आठवीं उत्तीर्ण होना जरूरी नहीं
कोलकाता :झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में अब तक आठवीं पास होने पर ही विद्यार्थियों को आइटीआइ में दाखिला मिल पाता था. लेकिन अब आठवीं पास न होने पर भी विद्यार्थियों को इंडक्शन कोर्स कराकर आइटीआइ में दाखिला दिलाया जा सकता है. इस संबंध में मार्च महीने में केंद्र सरकार के साथ राज्य […]

गौरतलब है कि राज्य के दूसरे जिलों में आइटीआइ में दाखिले के लिए आठवीं पास होना जरूरी है. चार जिले झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर माओवाद प्रभावित रहे हैं. राज्य सरकार इन जिलों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है.
तकनीकी शिक्षा विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्गापूजा के बाद से यह प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. जिन विद्यार्थियों ने आठवीं पास नहीं की है उन्हें एक वर्ष का इंडक्शन कोर्स कराया जायेगा. साथ ही उन्हें एक स्टाइपेंड भी दिया जायेगा. उल्लेखनीय है कि पूर्व में झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले माओवाद प्रभावित थे. हालांकि वर्तमान में गृह मंत्रालय के रिकॉर्ड में केवल झाड़ग्राम ही माओवाद प्रभावित जिला है. इस संबंध में केंद्र व राज्य सरकार का विवाद भी हुआ था.
राज्य पुलिस के डीजी ने उस वक्त कहा था कि भले ही केंद्र ने कुछ जिलों के नाम माओवाद प्रभावित जिलों की सूची से काट दिया है लेकिन राज्य सरकार की सूची में यह जिले अब भी माओवाद प्रभावित जिले हैं. केंद्र सरकार ने इस संबंध में जो राशि बंद कर दी है उसे राज्य सरकार खुद ही वहन करेगी. अब राज्य सरकार ने झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा व पश्चिम मेदिनीपुर में 10 आइटीआइ कॉलेज बनाने की योजना बनायी है. साथ ही इन इलाकों में आठवीं पास न करने वाले विद्यार्थियों को एक वर्ष का इंडक्शन कोर्स कराकर आइटीआइ में भर्ती कराने की तैयारी चल रही है.