मालदा : पारिवारिक विरोध के चलते बड़े भाई पर छोटे भाई की पत्नी पर कुदाल से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है. कुदाल के वार से गंभीर रूप से जख्मी बबिता सरकार (24) को मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शनिवार की रात हमले की यह घटना मोथाबाड़ी थाना अंतर्गत गोसाईघाट गांव में घटी है जिसके बाद से आरोपी जेठ रंजीत सरकार फरार है. उसके खिलाफ मोथाबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करायी गई है.
पुलिस सूत्र के अनुसार बबिता सरकार के पति दिलीप सरकार किसी अन्य राज्य में श्रमिक का काम करते हैं.
पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार बबिता सरकार अपने घर के सामने काली मंदिर में शाम के वक्त पूजा करने के दौरान देखा कि मंदिर के सामने बलि देने वाली लकड़ी की बेदी को उनके जेठ ने फेंक दिया है. जब उन्होंने इसका प्रतिवाद किया तो रंजीत सरकार ने महिला पर कुदाल से जानलेवा हमला कर दिया. उसके बाद से आरोपी वहां से भाग गया.
पीड़ित महिला की मां सानेका सरकार ने बताया कि जब उनकी बेटी पर हमला हुआ तो उस समय उनके दामाद घर पर नहीं थे. उनकी गैरहाजिरी में रंजीत सरकार उनकी बेटी पर गलत नजर रखते थे.
इसी वजह से उन्होंने उस पर हमला किया. उधर अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि सिर पर चोट लगने से महिला की स्थिति नाजुक है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. मोथाबाड़ी थाना सूत्र ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. आरोपी की तलाश चल रही है.
