कोलकाता : हाथरिक्शा चालकों को कराया प्रेम का अहसास, चालकों को हाथरिक्शा पर बैठा कर पूरा कॉलेज स्क्वायर घुमाया

कोलकाता : वैलेंटाइंस डे के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलकत्ता विश्वविद्यालय व इससे जुड़े कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने महानगर के हाथरिक्शा चालकों को प्रेम व सम्मान का एक अलग ही अनुभव कराया. इन विद्यार्थियों ने हाथ रिक्शा चालकों को उन्हीं की रिक्शा में बिठाकर खुद रिक्शा चलायी. वैलेंटाइंस डे के उपलक्ष्य में गुरुवार को हाथ […]

कोलकाता : वैलेंटाइंस डे के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलकत्ता विश्वविद्यालय व इससे जुड़े कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने महानगर के हाथरिक्शा चालकों को प्रेम व सम्मान का एक अलग ही अनुभव कराया. इन विद्यार्थियों ने हाथ रिक्शा चालकों को उन्हीं की रिक्शा में बिठाकर खुद रिक्शा चलायी. वैलेंटाइंस डे के उपलक्ष्य में गुरुवार को हाथ रिक्शा चालक रिक्शा में बैठे रहे. इन रिक्शा चालकों को दोपहर का भोजन भी विद्यार्थियों की ओर से कराया गया.

इस विषय में छात्रा पूजा गुप्ता व छात्र मिंटू विश्वास ने बताया कि वैलेंटाइंस डे पर एक आम धारणा यह होती है कि यह दिन केवल प्रेमी-प्रेमिका के लिए है, लेकिन ऐसा नहीं है. आज का दिन प्यार का दिन है, यह प्यार किसी भी रूप में हो सकता है. वैसे भी बच्चे से लेकर बूढ़े तक समाज के सभी व्यक्तियों को प्रेम व सम्मान की जरूरत है. हाथ रिक्शा कोलकाता की अलग ही पहचान है.

हर मौसम में ये रिक्शाचालक लोगों को मंजिल तक पहुंचाते हैं. गुरुवार को इनको प्यार व सम्मान देने के उद्देश्य से ‘हंसीमुख’ ग्रुप के विद्यार्थियों ने एक अलग मिसाल कायम की. विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को डॉफलिन हॉस्पिटल (राजा राम मोहन सारिणी) से कॉलेज स्क्वायर तक हाथरिक्शा चला कर इन चालकों को घुमाया.

हाथ रिक्शा चालकों को उपहार स्वरूप गमछे व चॉकलेट दिये गये. इसमें सभी विद्यार्थियों ने मिल कर राशि एकत्रित की. इन विद्यार्थियों में पूजा गुप्ता, मिंटू विश्वास, चंदन दास, आशीष साव के साथ कलकत्ता विश्वविद्यालय से एफिलियेटेड लगभग 20 कॉलेजों के कई छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इन कॉलेजो‍ं में सुरेंद्र नाथ कॉलेज, सिटी कॉलेज व अन्य कई कॉलेज शामिल हैं.

रिक्शाचालकों ने भी इस अनुभव को बहुत खुशी के साथ साझा किया. उन्होंने कहा कि हमेशा वे रिक्शा चला कर सवारी को ले जाते हैं. आज उनको बिठा कर बच्चों ने पूरा कॉलेज स्क्वायर में घुमाया. यह अहसास काफी आनंद भरा रहा. बहुत लोग देख भी रहे थे व उनके चेहरे पर हंसी आ रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >