कोलकाता : 1970 से लेकर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष कोलकाता में इस्कॉन की रथयात्रा 47वें वर्ष में प्रवेश कर गयी. इस वर्ष इस्कॉन की रथयात्रा ‘कोलकाता में छिपा गुप्तधन’ (द हीडेन ट्रेजर ऑफ कोलकाता) थीम पर आयोजित होगी. इस बार रथ के पहिये में बदलाव कर पुराने पहिए की जगह सुखोई विमान के चक्के की तरह मजबूत टायर लगाने पर विचार किया जा रहा है.
गुरुवार को मिंटो पार्क में स्थित इस्कॉन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस्कॉन कोलकाता के अध्यक्ष दयानंद प्रभु ने कहा कि कोलकाता में इस्कॉन से जुड़ी कई एेसी जानकारियां है, जिससे लोग अब तक अनजान हैं. इसके कारण लोगों तक इन जानकारियों को लाने के लिए इस थीम को चुना गया है. रथयात्रा की झांकी के जरिये विभिन्न जानकारियों के संबंध में लोगाें को विस्तार से बताया जायेगा. दोपहर एक बजे भगवान की आरती कर रथयात्रा का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करेंगी.
उनके साथ टॉलीवुड के कई सितारे शामिल होंगे. मौके पर इस्काॅन के महाप्रबंधक राधारमन दास ने बताया कि जगन्नाथ पुरी के बाद कोलकाता में दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा इस्कॉन की तरफ से अायोजित की जाती है. इस वर्ष कोलकाता के मैदान में भगवान के दर्शन के लिए 13 से 14 लाख पुण्यार्थियों के आने की संभावना है.
रथयात्रा मिंटो पार्क के एलबर्ट रोड स्थित ईस्काॅन मंदिर से निकलकर हंगर फोर्ड स्ट्रीट, एजेसी बोस रोड, सरत बोस रोड, हाजरा रोड, एसपी मुखर्जी रोड, एटीएम रोड, चौरंगी रोड, एक्साइड क्रॉसिंग, जवाहर लाल नेहरू रोड, आउट्राम रोड होते हुए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जाकर समाप्त होगी. वहां एक सप्ताह तक भगवान भक्तों को दर्शन देंगे.
