हुगली. खानाकुल थाना क्षेत्र के राजहाटी में 16/20 रूट के पास लोक निर्माण विभाग की जमीन पर अवैध निर्माण को कलकत्ता हाइकोर्ट के आदेश पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया. मायापुर बस स्टैंड से गढ़ेरघाट तक सड़क की दोनों ओर की जमीन पर अवैध तरीके से दुकानें और घर बने हुए थे. विशेष रूप से, राजहाटी बाबर आश्रम के पास स्थित बदरुल हक के घर के प्रवेश द्वार पर जो अवैध निर्माण था, उसे ध्वस्त कर दिया गया. कुछ दिन पहले हुगली की डीएम मुक्ता आर्य के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया था. इस मामले में लंबे समय से केस चल रहा था. शुक्रवार को हाइकोर्ट के आदेश पर घर के सामने रास्ते पर बनी दुकानों को प्रशासन की निगरानी में क्रेन से तोड़ दिया गया. मौके पर आरामबाग सब-डिविजन के विभिन्न अधिकारी, खानाकुल एक ब्लॉक के बीडीओ, ब्लॉक दो के अधिकारी, खानाकुल थाना, राजहाटी इलेक्ट्रिक ऑफिस, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. राजहाटी इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट के एसएस पी बसाक खुद बिजली की लाइन काट रहे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
