पुरुलिया.
पुरुलिया नगरपालिका और प्रशासन ने बुधवार को देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. सुबह ही दुकानदारों को चेतावनी दी गयी थी कि शाम 4:00 बजे तक दुकानें खाली नहीं करने पर बुलडोजर चलाया जाएगा. शाम करीब 5:00 बजे पुरुलिया सदर थाना पुलिस, केंद्रीय बल और नगरपालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे.बुलडोजर से हटायी गयीं दुकानें
अधिकतर दुकानदार पहले ही अपने सामान हटा चुके थे, लेकिन कुछ दुकानों में सामान पड़े रहने पर प्रशासन ने बुलडोजर से उन्हें हटाना शुरू कर दिया. कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे.कांग्रेस व माकपा को आपत्ति
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस व माकपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी. माकपा ने सड़क पर उतर कर आरोप लगाया कि दुकानों को हटाने से छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जायेगा. पार्टी नेताओं ने कहा कि कई लोग वर्षों से यहां दुकान चलाकर परिवार चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण का समर्थन है, लेकिन पहले वैकल्पिक व्यापारिक जगह उपलब्ध करायी जानी चाहिए. कांग्रेस ने भी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग करते हुए प्रशासन से प्रभावित लोगों के साथ बातचीत करने की अपील की. वहीं, इस मुद्दे पर अब तक तृणमूल की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.वैकल्पिक जगह तलाशने की चुनौती
प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि शहर के आसपास इतनी बड़ी जगह मिलना मुश्किल है, जहां सभी हॉकरों के लिए एक साथ व्यवस्था की जा सके. इसके बावजूद नगरपालिका व प्रशासन स्थायी समाधान निकालने के लिए लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं.
