पूर्व बर्दवान में उम्मीदवारों की घोषणा के बाद तृणमूल कांग्रेस में असंतोष, कई सीटों पर विरोध
तृणमूल कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पूर्व बर्दवान जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के अंदर असंतोष और तनाव की स्थिति बन गयी.
By AMIT KUMAR | Updated at :
बर्दवान/पानागढ़.
तृणमूल कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पूर्व बर्दवान जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के अंदर असंतोष और तनाव की स्थिति बन गयी. मंगलवार शाम तक मंतेश्वर, मेमारी व खंडघोष विधानसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन व गुटीय टकराव की घटनाएं सामने आयीं.
मंतेश्वर में समर्थकों के बीच टकराव
मंतेश्वर विधानसभा क्षेत्र से मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के एक वर्ग ने विरोध शुरू कर दिया. उम्मीदवार की घोषणा के तुरंत बाद समर्थकों और असंतुष्ट गुट के बीच झड़प की स्थिति बनी और माहौल तनावपूर्ण हो गया. पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी. नाराज गुट ने प्रत्याशी बदलने की मांग उठाई है.
खंडघोष व मेमारी में भी विरोध
खंडघोष विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक नवीन चंद्र बाग को उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी के कई नेताओं ने असहमति जताई. ब्लॉक अध्यक्ष अपार्थिब इस्लाम, जिला परिषद के जन स्वास्थ्य अधिकारी विश्वनाथ राय समेत कई नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवार नहीं बदले जाने पर इस्तीफे की चेतावनी दी. मेमारी विधानसभा क्षेत्र में रास बिहारी हालदार की उम्मीदवारी को लेकर भी पार्टी के भीतर असंतोष दिखा. उनके प्रचार अभियान में स्थानीय नेताओं की कम भागीदारी देखी गई. वहीं नित्यानंद बंदोपाध्याय की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है.
पार्टी नेतृत्व ने दी प्रतिक्रिया
तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवींद्रनाथ चट्टोपाध्याय ने कहा कि उम्मीदवारों को लेकर नाराजगी स्वाभाविक है, लेकिन सभी को पार्टी के निर्णय का सम्मान करना होगा. सभी पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया जायेगा.