जामुड़िया में डॉ बिजन का स्वागत और हरेराम के समर्थकों का उल्लास

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा बढ़ गया है.

जामुड़िया.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा बढ़ गया है. मंगलवार को जामुड़िया में एक ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशी का अभिनंदन किया, वहीं, तृणमूल कांग्रेस के खेमे में भी टिकट मिलने की खुशी में जमकर आतिशबाजी और जश्न का माहौल देखा गया.

भाजपा की ओर से स्थानीय ””भूमिपुत्र”” डॉ. बिजन मुखर्जी को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है. जामुड़िया के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया. इस मौके पर डॉ. मुखर्जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जामुड़िया की जनता अब कुशासन से मुक्ति और वास्तविक बदलाव चाहती है. उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और स्थानीय समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए पूरी तरह समर्पित हैं.

वहीं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी द्वारा वर्तमान विधायक हरेराम सिंह पर दोबारा भरोसा जताए जाने के बाद जामुड़िया स्थित पार्टी कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल दिखा. समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया, जमकर पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को हरा गुलाल लगाकर जीत की अग्रिम बधाई दी.उत्साहित कार्यकर्ताओं का कहना है कि टिकट मिलने के साथ ही हमारी जीत सुनिश्चित हो गई है, यहाँ हरेराम सिंह को कोई हरा नहीं सकता.

भेदभाव नहीं, विकास ही आधार : हरेराम सिंह

पार्टी सुप्रीमो का आभार व्यक्त करते हुए विधायक हरेराम सिंह ने कहा,मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जाति और भाषा का भेदभाव नहीं करतीं, उन्होंने एक बार फिर एक हिंदी भाषी पर विश्वास जताया है. उन्होंने दावा किया कि इस बार जामुड़िया से तृणमूल कांग्रेस 30 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से विजय हासिल करेगी. सिंह ने प्राथमिकता गिनाते हुए कहा कि जीत के बाद जामुड़िया में दमकल कार्यालय का निर्माण उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी.

आमने-सामने की टक्कर

जामुड़िया की इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है. एक तरफ भाजपा के ””भूमिपुत्र”” का कार्ड है, तो दूसरी तरफ टीएमसी के वर्तमान विधायक का विकास और ””हिंदी भाषी”” कार्ड. दोनों ही दलों के नेता अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं, जिससे जामुड़िया का चुनावी रण काफी रोमांचक मोड़ पर आ गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >