भाजपा और माकपा के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भी मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कुल 291 प्रत्याशियों के नाम जारी किए, जिनमें बीरभूम की 11 विधानसभा सीटें शामिल हैं. बोलपुर विधानसभा क्षेत्र से मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा को फिर उम्मीदवार बनाया गया, घोषणा के बाद वे दीवार लेखन करते नजर आए. रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से डेपुटी स्पीकर आशीष बनर्जी को दोबारा मौका मिला. लाभपुर से अभिजीत सिन्हा, मयूरेश्वर से अभिजीत राय और नलहाटी से राजेंद्र प्रसाद सिंह पर फिर भरोसा जताया गया. सैंथिया विधानसभा क्षेत्र से नीलाबती साहा को उम्मीदवार बनाया गया, जबकि नानूर से विधान चंद्र मांझी को मैदान में उतारा गया.
नये चेहरों और बदलाव पर जोर
हासन विधानसभा सीट से जिला परिषद सभाधिपति फैजुल हक उर्फ काजल शेख को उम्मीदवार बनाया गया, जिनके नाम पर अभिषेक बनर्जी ने जोर दिया. दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र, जो पिछले चुनाव में भाजपा के पास गया था, वहां चंद्र नरेश बाउड़ी को उतारा गया है. सिउड़ी विधानसभा क्षेत्र में विकास राय चौधरी की जगह उज्ज्वल चटर्जी को मौका मिला. मुरारई विधानसभा क्षेत्र में अब्दुर रहमान के स्थान पर मुशर्रफ हुसैन को उम्मीदवार बनाया गया है.
कड़े मुकाबले के संकेत
जिले में इस बार तृणमूल और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है. हाल में अनुब्रत मंडल ने एक सभा में मतदाताओं से अपील की थी कि वे उम्मीदवार की जगह पार्टी और ममता बनर्जी के नाम पर मतदान करें.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.