शहर के विधाननगर महकमा अस्पताल में मंगलवार देर रात अंकित हेला (22) की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. घटना के बाद भाजपा और तृणमूल के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गयी.
सड़क हादसे में घायल हुआ था युवक
न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के एमएएमसी इलाके में मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में अंकित हेला गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए विधाननगर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज में देरी के कारण अंकित की मौत हुई. मृतक के भाई अर्जुन हेला ने कहा कि घायल को करीब एक घंटे तक इमरजेंसी के बाहर बिना इलाज के रखा गया. उनका दावा है कि समय पर उपचार मिलता तो जान बच सकती थी.
राजनीतिक घमासान शुरू
घटना के बाद भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों के समर्थन में प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर मरीज को तुरंत चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गयी है. वहीं तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष शिपुल साहा ने कहा कि भाजपा इस घटना को लेकर राजनीति कर रही है. अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी. हंगामे के बाद मरीज को सीसीयू में ले जाया गया, जहां मौत की पुष्टि की गयी. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.