बीरभूम के सदर अस्पताल के मोर्चरी में सड़ रहे 19 लावारिस शव

परेशानी. लंबे समय से शवगृह में पड़े शवों से स्थिति हुई भयावह

शवों के दाह के लिए प्रशासन से मांगा गया है निर्देश

मुकेश तिवारी , बीरभूम

जिले के सिउड़ी सदर अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में लंबे समय से पड़े लावारिस शवों के सड़न से उठने वाली दुर्गंध से अस्पताल परिसर का वातावरण दूषित हो रहा है. इसकी वजह से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अस्पताल के अधीक्षक प्रकाश चंद बाग ने बताया कि फिलहाल मॉर्चुरी में करीब 19 लावारिस शव रखे हैं. इनमें से कई शव बीते साल जून से यहां पड़े हैं. उन्होंने बताया कि इन शवों के अंतिम संस्कार की अनुमति के लिए सिउड़ी महकमा शासक सुप्रतीक सिन्हा को पत्र भेजा गया है.

थानों से आये शव, पहचान नहीं

जानकारी के मुताबिक, इन शवों को जिले के विभिन्न थानों से लाकर रखा गया है. इनमें से अधिकांश शव सड़क दुर्घटनाओं या अन्य परिस्थितियों में अज्ञात रूप में मिले थे. अब तक इनकी शिनाख्त नहीं हो पायी है और न ही इनके संबंध में किसी परिवार ने दावा किया है.

मॉर्चुरी की हालत यह है कि एक-एक ट्रे में दो-दो शव रखे जा रहे हैं. अब नये शवों को रखने की भी जगह नहीं बची है. शवों में 11 पुरुष, सात महिलाएं और एक की पहचान स्पष्ट नहीं है. महकमा शासक ने फिलहाल 10 नंबर सेल्फ के दो शवों के दाह का निर्देश दिया है. बाकी शवों के संबंध में संबंधित थानों से दोबारा रिपोर्ट मांगी गयी है. इनमें दो शव सिउड़ी जीआरपी द्वारा भेजे गये थे.

पहचान की कोशिश के बाद ही होता है अंतिम संस्कार

अस्पताल अधीक्षक के अनुसार, किसी भी लावारिस शव का दाह करने से पहले तय प्रक्रिया अपनायी जाती है. शवों के कपड़े, तस्वीरें और अन्य विवरण सहेजकर रखे जाते हैं ताकि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति अपने परिजन की तलाश में यहां आये तो उसकी पहचान कर सके. फिलहाल दुर्गंध की वजह से अस्पताल परिसर में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो रही है और शवों का शीघ्र निस्तारण आवश्यक हो गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >