आसनसोल : मेयर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि नशे की लत सिर्फ एक जिंदगी नहीं, पूरे परिवार को तबाह करती है. नशा से हमेशा दूर रहने की जरूरत हैं. उन्होंने कहा कि नशे के आदि हो चुके लोगों से नफरत नहीं करनी चाहिए बल्कि उनके साथ सहानुभूति से पेश आना चाहिए. वे मंगलवार को स्थानीय शरत मंच पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमीश्नरेट (एडीपीसी) के स्तर से आयोजित इंटरनेशनल एंटी ड्रग्स डे समारोह को संबोधित कर रहे थे.
इसके पहले स्थानीय पोलो ग्राउंड से नशाविरोधी जागरूकता रैली निकाली गयी. शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर इसका समापन शरत मंच पर हुआ. सनद रहे कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य पुलिस को इस दिवस के आयोजन का निर्देश दिया है. पूरे राज्य में इसका आयोजन किया गया.
मेयर श्री तिवारी ने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी काफी प्रभावित है. लेकिन इसके कई सामाजिक तथा आर्थिक पहलू है. लेकिन युवा पीढ़ी को समझना होगा कि नशे की लत किसी भी समस्या या हताशा का हल नहीं है. बल्कि इससे जटिलता और बढ़ जाती है. उन्होंने गार्जियनों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर कड़ी नजर रखे ताकि नशे की ओर उनका झुकाव न हो. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुश्री बनर्जी ने सांकेतिक रूप से बड़ी शुरूआत की है. युवा पीढ़ी को नशा से दूर रखने की दिशा में पुलिस विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी. आसनसोल दुग्रापुर पुलिस अपने दायित्वों का निर्वाह सफलतापूर्वक कर रही है तथा नशे पर काफी हद तक काबू पाया जा सका है.
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी नारायण मीना ने कहा कि नशे से बचाव को लेकर पुलिस हर स्तर पर कार्य कर रही है. इसके लिए लोगों को जागरूक होना होगा. नशे के लत से छुटकारा पाना चाहते है तो पुलिस उनकी हर सम्भव मदद करेगी. छात्रों को इससे बचने और इस नशा निरोधक के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने नशे के लत को छुड़ा कर युवकों को मुख्य धारा में लौटने में अहम कार्य कर रहे आशीर्वाद फाउंडेशन को सम्मानित किया.
इससे पहले पोलो मैदान से रैली निकाली गयी. मेयर श्री तिवारी, पुलिस आयुक्त श्री मीना, रामकृष्ण मिशन (आसनसोल) के सचिव स्वामी सोमात्मानंद महाराज, नारकोटिक्स कंट्रोल व्यूरो (कोलकाता) के इंटेलिजेन्स अधिकारी मृणाल कांति मंडल आदि उपस्थित थे. उन्होंने सामूहिक रूप से इसका उद्घाटन किया तथा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया .
डीसीपी (मुख्यालय) अभिषेक गुप्ता, डीसीपी (स्पेशल ब्रांच) कुमार गौतम, डीसीपी (ट्रैफिक) सुश्री पुष्पा, एडीसीपी (सेंट्रल) सायक दास, एडीसीपी (वेस्ट) अनामित्र दास, एसीपी (आर्म्स पुलिस) प्रशांत दास, रिज़र्व निरीक्षक जोगेंद्र राय, हीरापुर के सर्किल निरीक्षक अभिजीत चटर्जी, हीरापुर थाना प्रभारी राजशेखर मुखर्जी, आसनसोल साऊथ थाना प्रभारी दिव्येन्दु दास, पार्षद उमा सर्राफ, पार्षद श्रवण साव, पार्षद कल्याण बनर्जी, पार्षद सोना गुप्ता, पार्षद बबिता दास, पूर्व पार्षद मिलन मंडल, समाजसेवी प्रबीर धर आदि उपस्थित थे.
पोलो मैदान से निकली रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ), विभिन्न क्लबों के सदस्यों, इलाके के समाजसेवियों ने भाग लिया. रैली गैलेक्सी मॉल, बर्नपुर आसनसोल रोड से भगत सिंह मोड़ होकर शरत मंच में आकर समाप्त हो गयी.
हीरापुर और आसनसोल साउथ थाना को मिलाकर पुलिस कमिश्नरेट ने यह कार्यक्रम आयोजित किया. इसके साथ ही विभिन्न थाना पुलिस ने अपने स्तर से अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया.
