आसनसोल. आसनसोल मंडल के वाणिज्य विभाग ने बिना टिकट रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ने के लिए नियमित रूप से विभिन्न स्टेशनों, विभिन्न गाड़ियों एवं विभिन्न सेक्शनों में सघन टिकट जांच अभियान चला रही है. इसके तहत 17 जून से 19 जून तक सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया.
मधुपुर, जसीडीह, आसनसोल, अंडाल एवं दुर्गापुर के टिकट जांच दलों ने भी इस अवधि में आसनसोल मंडल में विभिन्न मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों और स्टेशनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया. इस दौरान 2623 अनियमित टिकट के मामलें पकड़ में आये तथा इस अभियान से किराया एवं जुर्माना के रूप में कुल 7,89,356 रूपयों की वसूली की गई. मंडल रेल प्रबंधक पीके मिश्रा ने इसपर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह निर्देश दिया कि वे इस अभियान को भविष्य में भी चालू रखें.
