आसनसोल. पश्चिम बर्दवान में जिला में बाल श्रम निरोधक कमेटी गठन को लेकर अतिरिक्त जिलाशासक अरिंदम राय की अध्यक्षता में मंगलवार को अड्डा भवन के सभागार में बैठक हुई. इसमे पूर्व बर्दवान के प्रोजेक्ट निदेशक सह अन्य अधिकारी भी शामिल थे. अविभाजित बर्दवान जिला में गठित कमेटी ही अब तक पश्चिम बर्दवान जिला का कार्य संभाल रही थी. मंगलवार की बैठक में पश्चिम बर्दवान के लिए एक एडहॉक कमेटी का गठन किया गया.
स्थायी कमेटी का प्रारूप तैयार कर मंजूरी के लिए जिलाशासक को भेजा गया. सहायक श्रम आयुक्त विदेश मंडल को एडहॉक कमेटी में कार्यकारी अधिकारी का पद दिया गया है. जब तक स्थायी कमेटी का गठन नहीं होता है, तब तक जिले में श्री मंडल इस कार्य को संभालेंगे. अतिरिक्त जिलाशासक श्री राय ने बताया कि बैठक में बाल श्रम निरोधक कमेटी के कार्यों की रूपरेखा तैयार की गयी. देश में 27 ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां बाल श्रमिक कार्य करते हैं. उसमें से सबसे अहम स्टोन क्रशर है, जहां बच्चों के जीवन को खतरा रहता है. जिले में कार्य के लिये उन क्षेत्रों की सूची बनाई गई.
जहां से बाल श्रमिकों को बाहर निकाल कर उन्हें समाज में एक अच्छा नागरिक बनाने के लिए चाईल्ड प्रोटेक्शन होम में भेजा जायेगा. वहां बच्चों के रहने, खाने, पढने की सारी सुविधाएं निशुल्क होंगी. होटल, धाबा, गैरेज, घरेलू नौकर आदि क्षेत्रों को सूची में प्राथमिकता दी गयी है. सूची के आधार पर एडहॉक कमेटी ने मंगलवार से ही अपना कार्य आरंभ कर दिया है. 17 सदस्यीय स्थायी कमेटी की सूची तैयार की गयी है. इसे मंजूरी के लिए जिलाशासक को भेजा गया. मंजूरी मिलते ही स्थायी कमेटी गठित की जायेगी. श्री राय ने कहा कि पश्चिम बर्दवान से जुड़े जो भी कागजात पूर्व बर्दवान में जब तक सम्पूर्ण कागज यहां नहीं आ जाते है, तब तक पूर्व बर्दवान के अधिकारी एडहॉक कमेटी को कार्य में पूर्ण रूप से सहयोग करेंगे.
