आसनसोल : काजी नजरूल विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले विभिन्न कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सेकेंड ईयर बैक लॉग एग्जाम आयोजित करने तथा परीक्षा परिणामों को जल्द प्रकाशित करने की मांग पर केएनयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ सलील कुमार दास का घेराव किया. उन्होंने प्रत्येक कॉलेज के प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बारी-बारी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
बाद में प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने केएनयू के उपपरीक्षा नियंत्रक डॉ निखिलेश बारीक से मुलाकात कर उनके सामने भी अपनी समस्याएं रखीं. परीक्षा नियंत्रक डॉ सलील कुमार दास ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को सूचीबद्ध कर लिया है. बुधवार को इस मुद्दे पर कुलपति डॉ साधन चक्रवर्ती के साथ बैठक कर आगे का निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि स्नातक द्वितीय वर्ष के बैकलॉग स्टूडेंटस की परीक्षा जुलाई महीने में होगी. जुलाई के अंत तक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे. उन्होंने स्नातकोत्तर पाठयक्रम में 31 अगस्त तक केएनयू में दाखिला लिये जाने का आश्वासन दिया.
इससे पहले माइकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज(दुर्गापुर), बीसी कॉलेज आसनसोल, आसनसोल गर्ल्स कॉलेज, दुर्गापुर गवर्नमेंट कॉलेज, रानीगंज गर्ल्स कॉलेज, कुल्टी कॉलेज के स्टूडेंटस अपनी मांगों के समर्थन में केएनयू के प्रशासनिक भवन के समक्ष प्रदर्शन करते हुये मुख्य प्रवेश द्वार के समक्ष धरना पर बैठ गये. लेकिन जमाई षष्ठी के अवकाश के कारण कुलपति डॉ साधन चक्रवर्ती के विश्वविद्यालय में उपस्थित नहीं रहने तथा किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिलता देख प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स कल्ला बाईपास रोड के निकट एनएच पर पहुंच कर सडक को आधे घंटे तक अवरुद्ध कर दिया. एनएच के जाम होने से सडक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
भारी गर्मी से जन साधारण को होने वाले परेशानी को देखते हुए आसनसोल नॉर्थ थाना से भारी संख्या में पुलिस बल ने पहुंच कर स्टूडेंट्स से पथावरोध समाप्त कर बातचीत के माध्यम से समस्या के समाधान का आग्रह किया. लेकिन विद्यार्थी सड़क से हटने को राजी नहीं हुये. बाद में पुलिस बल ने जाम में फंसे महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को हो रही समस्या का हवाला देकर पथावरोध हटाया. पुलिस अधिकारियों के कहने पर प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं पुन: केएनयू वापस लौट गये. वहां जाकर परीक्षा नियंत्रक, उप परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर अपनी समस्याएं उनके सामने रख शीघ्र समाधान की मांग की.
कुल्टी कॉलेज के तृतीय वर्ष की छात्रा अमृता चटर्जी, माईकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज दुर्गापुर के तृतीय वर्ष के छात्र अर्पन रॉय ने इस दौरान कहा कि काफी संख्या में छात्र-छात्राओं ने तृतीय वर्ष की परीक्षा दी है. परीक्षा परिणाम जल्द घोषित होने पर ही वे पीजी में दाखिला ले सकेंगे. स्नातक के द्वितीय वर्ष के बैकलॉग स्टूडेंटस की परीक्षा जुलाई में होने और परिणाम के अगस्त महीने में प्रकाशित किये जाने से सैकड़ो स्टूडेंट्स का एक वर्ष बर्बाद हो जायेगा. केएनयू को छोड़कर तमाम विश्वविद्यालयों में अगस्त महीने तक दाखिला हो जाता है.
अगस्त माह में परीक्षा परिणाम प्रकाशित किये जाने से स्टूडेंटस पास होने के बावजूद भी पीजी में दाखिला लेने से वंचित हो सकते हैं. परीक्षा परिणाम से कॉलेज के अधिकांश स्टूडेंटस असंतुष्ट हैं. द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम के रिव्यू के रिजल्ट को भी प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स ने गलत बताया.
केएनयू टीएमसीपी यूनियन के आदर्श शर्मा ने कहा केएनयू प्रबंधन को स्टूडेंट्स के भविष्य को देखते हुए अपेक्षित सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हजारों कॉलेज स्टूडेंटस का भविष्य दांव पर लगा है. जल्द ही मामले को लेकर कुलपति के साथ बैठक कर समाधान निकाला जायेगा. इस दौरान कुल्टी कॉलेज से सुष्मिता दे, बीसी कॉलेज से शुभेंदूनाथ विश्वास, बीसी कॉलेज की मेघा चटर्जी, आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की सुष्मिता माजी उपस्थित थीं.
