आसनसोल : ट्रेनों में लगाये गये नये बायो टॉयलेट को सही ढंग से उपयोग करने को लेकर रेल यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर इसकी जानकारी दी जायेगी. रेल मंडल के सीनियर डीएमई पीपी हालदार ने बताया कि यात्रियों को उन्नत परिसेवा देने के तहत बहुत से ट्रेनों में नये ओर अत्याधुनिक बायो टॉयलेट लगाये गये हैं.
परंतु जानकारी व उपयोग के अभाव में यात्री इन बायो टॉयलेटस का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बायो टॉयलेट में यात्रियों द्वारा पानी की बोतलें, प्लास्टिक ओर पोलिथिन फेंक देने से टॉयलेट का मार्ग अवरूद्ध हो जाने से काफी परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि आसनसोल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर बायो टॉयलेट के उपयोग के लिए एक सेंपल बनाया गया है.
जिसका उदघाटन मंडल रेल प्रबंधक मंगलवार को करेंगे. प्लेटफॉर्म पर बनाये गये बायो टायलेट के दोनों ओर हिंदी, बांग्ला भाषा में इसके उपयोग संबंधी दिशा निर्देश लिखे गये हैं. पूर्व रेलवे अंतर्गत मालदा, सियालदह, हावडा मंडलों में सर्वप्रथम आसनसोल मंडल में बायो टॉयलेट को लेकर जागरूकता ओर उपयोग विधि की जानकारी दी जायेगी. इससे यात्री इन टॉयलेट का सही ढंग से उपयोग कर सकेंगे व यात्रियों को बेहतर व आधुनिक परिसेवा दी जायेगी.
