दुर्गापुर : केंद्र की जनविरोधी नीति के साथ ही पेट्रो पदार्थों की कीमत में लगातार बढ़ोत्तरी के खिलाफ सोमवार को तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (अड्डा) के सामने धरना-प्रर्दशन करते हुए केंद्र की मोदी सरकार का विरोध किया. मौके पर दुर्गापुर नगर निगम की उपमेयर अनिंदिता मुखर्जी, पूर्व मेयर अपूर्व मुखर्जी, एमआईसी धर्मेंद्र यादव, राखी तिवारी, पवित्र चटर्जी, अमिताभ बनर्जी, दो नंबर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष विप्लव विश्वास, निजाम हुसैन मंडल, पार्षद सुशील चटर्जी, मानस राय, राजू सिंह, कौशिक तिवारी, गुलाम रसूल मीर, राजीव बनर्जी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
एमआईसी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में हो रही बेतहाशा वृद्धि का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है. मंहगाई आसमान छू रही है. केंद्र की मोदी सरकार का तेल की कीमतों पर कोई नियंत्रण नहीं होने की वजह से ही इसका असर ट्रांसपोर्ट पर पड़ रहा है. इस वजह से बाजार में बिकने वाले खाने-पीने के सामान मंहगे हो रहे हैं.
केंद्र सरकार को पेट्रो पदार्थों की कीमतों में हुयी वृद्धि पर नियंत्रण कर महंगाई कम करनी होगी. तेल की कीमतों का निर्धारण तेल कंपनियां करती हैं. तेल की कीमतों के निर्धारण में सरकार की कोई भूमिका नहीं होती. पिछले कुछ साल से पेट्रोल की कीमत बाजार द्वारा तय होती है.
सरकार कीमतों पर निगरानी तब रखती है, जब उस पर अनुदान देती है. लेकिन आज तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार कीमतें तय करने के लिए स्वतंत्र हैं. सरकार की नीति संबंधी रूपरेखा के अलावा कीमत पर निगरानी में कोई भूमिका नहीं है. गौरतलब है कि पिछले 16 दिनों में तेल की कीमतों में करीब चार रूपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद एक पैसा प्रति लीटर की कमी आई है. पूर्व मेयर अपूर्व मुखर्जी ने बताया की केंद्र में बैठी सरकार ने देशवासियों को अच्छे दिन का सपना दिखाया था.
चार वर्ष बीत गये. अच्छे दिन देखने को नहीं मिला. ना ही भ्रष्टाचार खत्म हुआ और ना ही विदेशों से काला धन वापस आये. पेट्रोल, गैस और डीजल के मूल्य में वृद्धि दिन-प्रतिदिन हो रही है. मोदी सरकार चुपचाप बैठे तमाशा देख रही है. पेट्रो पदार्थों की कीमत बढ़ने से महंगाई बढ़ गयी है. गरीबों का जीना दुश्वार हो गया है. भाजपा सरकार महंगाई पर काबू नहीं कर रही बल्कि देश के कोने-कोने में संप्रदायिक दंगा फैला रही है.
हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ाने का भाजपा सरकार प्रयास कर रही है. देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है. विप्लव विश्वास ने कहा कि दो नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और गैस के मूल्य में वृद्धि को लेकर महकमा शासको ज्ञापन सौंपा है.
केंद्र की तानाशाही से महंगाई की मार झेल रही जनता
हरिपुर. पेट्रोल, डीजल के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस अंडाल ब्लॉक ने अंडाल मोड में धरना प्रदर्शन किया. सुबह मंच बनाया गया. सैकड़ों तृणमूल कांग्रेस के नेता, समर्थक धरना में शामिल हुये. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष आलोक मंडल ने बताया कि केंद्र सरकार के मनमानी रवैये के कारण रोज पेट्रोल, डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं.
इस कारण गरीब जनता को मंहगाई की मार झेलनी पड़ रही है. लेकिन केंद्र की मोदी सरकार हर क्षेत्र में असफल होती जा रही है. अगर पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं हुये तो तृणमूल लगातार आंदोलन करेगी. सभा को प्रभात चटर्जी, पवित्र चटर्जी आदि ने संबोधित किया. पांडेशवर ब्लॉक के पास ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया.
नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि पूरा देश भाजपा के खिलाफ है. देश की मोदी सरकार ने जनता से किया हुआ वादा पूरा नहीं किया. उल्टे पेट्रोलियम पदार्थ के दामों में वृद्धि कर जनता के खिलाफ काम किया है. इसलिये आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार को जनता उखाड फेंकेगी.
भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने की जरूरत
रानीगंज. रानीगंज ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस ने डीजल, पेट्रोल तथा दैनिक प्रयोग के वस्तुओं के मूल्य में वृद्धि के प्रतिवाद में एनएसबी रोड तारबांग्ला में रानीगंज ब्लॉक टीएमसी ने धरना प्रदर्शन किया. इसका नेतृत्व रानीगंज ब्लॉक टीएमसी अध्यक्ष आलोक बोस ने किया. धरना प्रदर्शन में रानीगंज के विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं टीएमसी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष आलोक बसु ,पार्षद सीमा सिंह, श्यामा उपाध्याय उपस्थित थे. आलोक बसु ने कहा कि केंद्रीय सरकार की नीतियों की वजह से महंगाई बढ़ रही है. पेट्रोल, डीजल के मूल्य में वृद्धि की वजह से अन्य सामग्रियों के दाम चरम सीमा पर है. लेकिन केंद्र सरकार तानाशाह बनकर तमाम नीतियों को रोकना चाह रही है. जरूरत इस केंद्र की बीजेपी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की है.
