दुर्गापुर : सिटी सेंटर के सुनीति चटर्जी पथ इलाके में देर रात को अन्यसा राय चौधरी के बंद आवास का ताला तोड़कर चोरों ने आलमारी में रखे सोना, चांदी के आभूषण और नगदी उड़ा लिये. घर के मालकिन के बाहर होने की वजह से सिटी सेंटर फाड़ी में मामला दर्ज नहीं कराया गया है. मंगलवार सुबह घर की नौकरानी घर की साफ-सफाई करने के लिए पहुंची तो देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा है.
अंदर ना जाकर उसने आसपास के लोगों को बुलाकर दिखाया. उसके बाद एक पड़ोसी ने ही अन्यसा को चोरी की घटना की सूचना दी. नौकरानी आरती हाड़ी ने बताया कि मालकिन दार्जिलिंग भ्रमण के लिये गयी है. घर की चाबी उसी के पास है. उन्हें घर में चोरी होने की घटना की जानकारी दी गई है. उन्होंने फोन कर कुछ कुछ दोस्तों को घर भेजा. वे दुबारा बाहर के दरवाजे पर ताला लगा कर चले गये.
उसने कहा कि घर में क्या-क्या चोरी हुयी है. इसकी जानकारी मालकिन के आने के बाद ही पता चल सकता है. उसने कहा कि वह उनके घर में 25 वर्षों से काम कर रही है. कभी भी इस तरह की घटना नहीं हुयी. माता-पिता की मृत्यु के बाद घर में अन्यसा अकेले ही रहती थी. वह शहर के एनएचएसएम कॉलेज में शिक्षिका है. एक सप्ताह के लिए वह दार्जिलिंग घूमने के लिए गई है. पुलिस ने बताया कि प्राथमिक दर्ज होने पर जांच करते हुए कार्रवाई होगी.
