रानीगंज : आईसीएसई दसवीं के परिणाम सोमवार को घोषित हो गये. रानीगंज के व्यवसायी राजेश जिंदल के पुत्र श्रेष्ठ जिंदल ने 96 प्रतिशत अंक लाकर परिवार ही नहीं पूरे कोयलांचल को गौरवान्वित किया है. श्रेष्ठ आसनसोल के सेंट विंसेंट स्कूल का छात्र है. पिता राजेश जिंदल ने बताया कि श्रेष्ठ बचपन से ही पढ़ाकू था.
श्रेष्ठ ने बताया कि वह ज्वाइंट इंट्रेंस की तैयारी कर रहा है. वह इंजीनियर बनना चाहता है. आईएससी 12वीं में उतीर्ण होने वाले रानीगंज के छात्र संचित पातेसरिया ने 94 फीसदी अंक प्राप्त किया है. दादा पन्ना लाल पातेसरिया, माता सोनल तथा पिता महेश समेत पूरे परिवार के सदस्य संचित की इस उपलब्धि से प्रफुल्लित हैं.
पोते की सफलता पर संचित के दादा फूले नहीं समा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह आगे चलकर अपना मुकाम हासिल करेगा क्योंकि वह पूरी लगन के साथ पढ़ाई करता है. संचित ने बताया कि वह एमबीए की तैयारी कर रहा है. रानीगंज स्थित एकमात्र आईसीएसई स्कूल सेंट माइकल में प्रथम स्थान लाने वाली प्रेरणा बनर्जी ने 93.8 अंक हासिल कर स्कूल में टॉपर बनी है. वह आगे चलकर विज्ञान की पढ़ाई करना चाहती है. उसने बताया कि वह इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही है.
रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संदीप भालोटिया के पुत्र साहिल ने भी 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है. साहिल वाणिज्य लेकर पढ़ेगा. चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना उसका सपना है. रानीगंज सेंट माइकल स्कूल की तिथि मारोदिया ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया है. तिथि की दिलचस्पी भी चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की है. वह आगे वाणिज्य संकाय से पढ़ेगी. तिथि की मां जया मारोदिया ने कहा कि तिथि काफी मेधावी है. निश्चय ही चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर परिवार का नाम रोशन करेगी.
