कोयलांचल, शिल्पांचल में झमाझम बारिश से राहत, अंधड़ से आफत

पानागढ़ : कोयलांचल और शिल्पांचल में गुरुवार अलसुबह हुई मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं चक्रवाती हवा आफत बनकर बही. हरिपुर में श्रमिक क्वार्टरों की बालकनी गिर गयी जबकि अंडाल में एक मकान की छत उड़ गयी. वीरभूम में तूफानी बारिश के दौरान वज्रपात होने से मां-बेटे की मौत हो […]

पानागढ़ : कोयलांचल और शिल्पांचल में गुरुवार अलसुबह हुई मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं चक्रवाती हवा आफत बनकर बही. हरिपुर में श्रमिक क्वार्टरों की बालकनी गिर गयी जबकि अंडाल में एक मकान की छत उड़ गयी. वीरभूम में तूफानी बारिश के दौरान वज्रपात होने से मां-बेटे की मौत हो गयी. कई जगह पेड़ गिर गये. बिजली पोल टूट गये. इससे काफी देर तक सड़क, रेल यातायात बाधित हुयी.
फसल बर्बाद होने की भी सूचना है. वीरभूम जिले में गुरूवार सुबह काल वैशाखी के दौरान तूफानी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर जिले के मल्लारपुर थाना के खरासिनपुर ग्राम में मां, बेटे की मौत हो गयी. इनके नाम मनोआरा विवि(42) तथा निताज शेख (18) बताये जा रहे हैं. दोनों घटना के समय घर पर ही काम कर रहे थे, तभी वज्रपात होने से दोनों की मौत हो गयी. वज्रपात के कारण इनके घर में आग भी लग गयी. स्थानीय निवासियों ने दमकल और पुलिस को सूचना दी.
दमकल ने आग बुझायी. घटना में एक और युवक इयारूल शेख गंभीर रूप से वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गया. उसे ब्लॉक अस्पताल में भर्ती किया गया है. जिले के इलमबाजार तथा पारूई में कालवैशाखी के मध्य बारिश के बीच ही बर्फबारी होने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है. घटना को लेकर स्थानीय बीडीओ को मुआवजे की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जायेगा. इधर दोनों शव को कब्जे में कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ओवरहेड तार टूटा, ट्रेनों का परिचालन घंटों ठप: पचरा रेलवे स्टेशन के पास कालवैशाखी के दौरान तूफानी बारिश के कारण पेड़ का डाल टूटकर ओवरहेड तार पर गिरने से विद्युत तार टूटने के कारण घंटों रेललाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा. गुरूवार सुबह घटित घटना के कारण मयूराक्षी फास्ट पैसेंजर ट्रेन समेत दो लोकल ट्रेनें डेढ़ घंटे तक रूकी रही. रेलकर्मियों की तत्परता के बाद द्रुतगति से काम करने के बाद रेल लाइन पर ट्रेनों का आवागमन चालू किया गया.
  • फसलें बर्बाद, जगह-जगह गिरे पेड़
  • सड़क, ट्रेन सेवा हुई बाधित
कांकसा में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त, विद्युत टावर टूटा: पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा ब्लॉक के बनकाटी तथा विद्विहार पंचायत क्षेत्रों में कालवैशाखी के दौरान आई तूफानी बारिश के कारण सैकड़ों कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गये. तूफानी बारिश के बीच ही बिजली का टावर गिरने से इलाके में विद्युत परिसेवा ठप हो गयी. हाईटेंशन बोल्ट का टावर टूट कर गिर गया. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. खबर के बाद मरम्मत कार्य आरंभ किया गया है.
कहर बरपाने के साथ-साथ राहत भी दे गयी तूफानी बारिश
दुर्गापुर. गर्मी से तप रहे शिल्पांचल में गुरूवार को बारिश उग्र रूप में राहत लेकर आई. दुर्गापुर व इसके आसपास के इलाके में गुरुवार की सुबह आंधी-तूफान ने कहर बरपाया. आधी तूफ़ान के साथ आई तेज बारिश भी हुई. तक़रीबन एक घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश ने गत कई दिनों से उमस भरी गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत पहुंचाने का भी काम किया. शिल्पांचल में आंधी-तूफान में विभिन्न जगहों पर कई पेड़ उखड़कर गिरने की खबर है. इस दौरान बिजली कट जाने के कारण लोगों को काफी असुविधा का समाना करना पड़ा. तेज आधी बारिश के कारण स्कूल कॉलेजों में उपस्थिति भी कम देखी गई. बस सेवा भी प्रभावित रही.
बिजली पोल गिरने से आवागमन ठप
अंडाल. अंधड़ के कारण अंडाल मोड़ से कुछ दूरी पर बिजली का पोल गिरने से आवागमन ठप हो गया. मिनी बस कर्मियों ने पोल को हटाया. उधर खास काजोड़ा में कई स्थानों पर पेड़ गिर गये. अंडाल-उखड़ा सड़क मार्ग के मोयरा प्राइमरी स्कूल मोड़ के समक्ष सिमर के विशाल वृक्ष की डाल गिर गयी. पास के एक टेलर दुकान की छत पर लगा एजबेस्टर उड़ गया. शंकर तुरी के मकान का एजबेस्टर भी उड़कर काफी दूर जा गिरा. शंकर ने बताया कि दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. लेकिन कुदरती मार के कारण सड़क पर आ गये. फिलहाल उनके पास नया एजबेस्टस लगाने के लिये धनराशि नहीं है. मदद के लिये पंचायत से गुहार लगायेंगे.
वीरभूम में वज्रपात की चपेट में आकर मां, बेटे की मौत
हरिपुर. काजोड़ा एरिया अंतर्गत जामबाद कोलियरी बनियाडीह भुइयां सेंटर में गुरूवार प्रात: तूफानी बारिश के दौरान आठ यूनिट वाले दो तल्ला एनएचएस की बालकोनी गिर जाने से श्रमिकों में दहशत है. ब्लॉक में रहने वाले श्रमिक झपसु भुइयां, मंगलु गौड, निमाई मांझी, मंटू बाउरी, गंगाराम सतनामी ने बताया कि हमलोग जहां रहते हैं, उसके ऊपर चार और नीचे चार घर है. पास ही एक आठ यूनिट का ब्लॉक है. इसकी मरम्मत अब तक नहीं हुई थी. दोनों ब्लॉक डैमेज हो गये हैं. बालकोनी तो पहले से ही जर्जर हो गयी थी. तूफानी बारिश में केवल सीढ़ी की बालकोनी ही गिरी. पूरा एनएचएस नहीं गिरा. काजोड़ा एरिया के महाप्रबंधक डीके नायक ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है. इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. श्रमिकों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसकी व्यवस्था की जायेगी. घर की मरम्मत तत्काल शुरू कराई जायेगी. सिविल विभाग से बातचीत की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >