शुक्रवार को आरोपी के भाई सुरकू हेमब्रम तथा भाभी गोलापी मूर्मू को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. यह घटना दक्षिण दिनाजपुर जिले के तपन थाना अंतर्गत रामचन्द्रपुर इलाके के जोगीपाड़ा में घटी है. उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार सुबह खून से लथपथ लक्ष्मीन्दर हेमब्रम (7 माह) तथा मामनी सोरेन (22) का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई थी. स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रंजीत हेमब्रम बुधवार की रात को अपने बच्चे और पत्नी की हत्या कर फरार है. उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है.
बृहस्पतिवार को दोनों का शव बरामद कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मृतका के पिता टूटू सोरेन ने अपने दामाद के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल तपन थाना के ओसी विश्वजीत भट्टाचार्य के नेतृत्व में मौके पर पहुंची. स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तपन थाना अंतर्गत गनाहार गांव की रहने वाली मामनी की शादी चार साल पहले रंजीत के साथ हुई थी.
शादी के बाद से ही दोनों के बीच कोई न कोई लफड़ा लगा रहता था. बुधवार की रात भी दोनों के बीच काफी कहा-सुनी हुई थी. उसके बाद ही रंजीत ने धारदार हथियार से पत्नी और बच्चे पर हमला कर दिया. स्थानीय लोगों को इस बात की जानकारी रात को नहीं हो पायी थी. अगले दिन सुबह इसका पता चल सका. स्थानीय निवासी हबीबुर रहमान ने बताया है कि हंसुआ अथवा दाब से हत्या की गई है. ओसी विश्वजीत भट्टाचार्य का कहना है कि बच्चे की संभवत: गला दबाकर हत्या की गई है. शव के पास से हंसुआ एवं लाठी बरामद हुआ है. घटना के बाद से ही आरोपी तथा उसके परिवार वाले फरार हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने की भी कोशिश जारी है.
