महानगर के दो इलाकों में दिया वारदात को अंजाम
19 लाख के गहने व 6.5 लाख नकद की लगायी चपत
कोलकाता : महानगर के दो इलाकों में खुद को आइटी अधिकारी बता कर लाखों का चूना लगाने के मामले प्रकाश में आये हैं. शनिवार की रात एस सेठ नाम की महिला टालीगंज इलाके से होते हुए कस्बा स्थित अपने घर लौट रही थी.
इस क्रम में कुछ लोग उसके पास आये और खुद को आइटी विभाग का अधिकारी बताया. महिला के पास लगभग 6.5 लाख रुपये थे. बातचीत के दौरान उन्होंने महिला के सारे रुपये गायब कर लिये. लाखों रुपये का चूना लगाने की बात का जब पता चला, तो उसने टालीगंज थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी.
ऐसी ही एक घटना पोस्ता इलाके में घटी थी. शुक्रवार को गिरीश पार्क निवासी परिमल दे लगभग 19 लाख रुपये के गहनों के साथ पोस्ता इलाके से गुजर रहे थे. उसे किसी व्यक्ति को गहने देने थे. आरोप के अनुसार पोस्ता इलाके में कुछ लोगों ने खुद को आयकर विभाग (आइटी) अधिकारी बता कर पूछताछ की. पास ही उनका एक वाहन खड़ा था. उसमें परिमल को बैठने को कहा. शिकायत के अनुसार बातचीत के दौरान परिमल को कुछ पेय पदार्थ पिलाया गया. उसके बाद उन्हें होश नहीं रहा. जब होश आया, तो उनके पास गहने नहीं थे. उन्होंने थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी.
