कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के गोपालनगर थाना के पलता इलाके में गुरुवार तड़के साढ़े तीन बजे रूई की एक गोदाम में आग लग गयी. गोदाम के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने लपटों को देख कर घटना की सूचना फौरन गोदाम के मालिक को दी. मालिक ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी.
दमकल विभाग के चार इंजन मौके पर पहुंच गये. घंटों के प्रयास के बाद आग को काबू में किया गया. बताया जाता है कि गत नौ और 10 जनवरी को गोदाम में रूई स्टोर की गयी थी. उक्त रूई को बांग्लादेश में सप्लाई करने की योजना थी. कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर ने बताया कि आग से करीब चार करोड़ रुपये की रूई जल कर स्वाहा हो गयी. आग को बुझाने के लिए जेसीबी से गोदाम की एक दीवार तोड़नी पड़ी.
