बेटी को तालाब में फेंका
कैंसर से पीड़ित थी
उत्तर 24 परगना के इच्छापुर की घटना
कोलकाता : गुरुवार सुबह अपनी पांच साल की बच्ची की हत्या करने के बाद एक महिला ने इच्छापुर तीन नंबर रेल गेट के समीप ट्रेन के सामने कूद कर खुदकुशी कर ली. वह इच्छापुर के नबावगंज की रहनेवाली थी. महिला का नाम लक्ष्मी श्री चक्रवर्ती (41) और उसकी बेटी का नाम दीया चक्रवर्ती बताया गया है. बताया जाता है कि लक्ष्मी कैंसर से पीड़ित थी.
असहनीय कष्ट की वजह से वह पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद झेल रही थी. उसका मानना था वह अब ठीक नहीं होगी. आरोप है कि उसने सुबह अपनी पांच साल की बेटी के गले में पीतल का भारी कलश बांधकर उसे तालाब में फेंक दिया जबकि खुद ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली.
इधर, दोनों के घर से गायब होने की खबर पाकर उनकी तलाश शुरू कर दी गयी. बाद में स्थानीय लोगों ने दीया का शव तालाब में देखा. उसे बैरकपुर के बीएनबोस अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टी की. दूसरी ओर, नैहाटी जीआरपी ने इच्छापुर तीन नंबर रेल गेट के पास से उक्त महिला का शव बरामद किया. उसके पति सुबीर चक्रवर्ती रेल कर्मी बताये गये हैं. मां और बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
