बागुईहाटी के चिन्नारपार्क इलाके की घटना
कोलकाता : बस में एक युवती से छेड़खानी के आरोप में बागुईहाटी थाना की पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. यह घटना बागुईहाटी के चिन्नारपार्क इलाके में हुई. आरोपियों को गुरुवार को बारासात कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने सभी को 10-10 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी. साथ ही सभी आरोपियों को अगली तरीख पर कोर्ट में हाजिर रहने का निर्देश दिया. आरोपितों के खिलाफ आइपीसी की धारा 354डी, 501 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि पीड़िता दुर्गानगर इलाके की रहनेवाली है.
वह बुधवार को डानकुनी-करूणामयी रूट की बस में सवार थी. चिन्नारपार्क में काम करती है. आरोप है कि बस में सवार पांच युवकों ने उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया. बस में सवार अन्य यात्रियों ने इसका विरोध किया. यात्रियों की तत्परता से बागुईहाटी थाना की पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के नाम बाकीबुल्ला मंडल, शेख अलाउद्दीन, महबूब मंडल, अपूर्व शील और जसीम मल्लिक बताये गये हैं. आरोप है कि आरोपी लंबे समय से युवती को परेशान कर रहे थे.
मामा ने लूटी भांजी की अस्मत
ठाकुरपुकुर थाने में शिकायत दर्ज
कोलकाता. छुट्टी में मामा के घर घूमने आयी भांजी की आबरू लूटने का आरोप उसके मामा पर लगा है. यह घटना दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर इलाके की है. पीड़ित 18 वर्षीय युवती ने घटना की शिकायत ठाकुरपुकुर थाना में दर्ज करायी है. शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता ने बताया कि वह विष्णुपुर में एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है.
हाल ही में वह अपने मामा के घर घूमने आयी और एक महीने वहां रही. उसका आरोप है कि मामा ने घर में लगातार एक महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये. जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी दी. शुरुआत में कुछ दिनों तक दहशत के कारण उसने अपना मुंह बंद रखा. लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उसने इसकी शिकायत ठाकुरपुकुर थाना में दर्ज करायी. गिरफ्तार मामा से पुलिस पूछताछ कर रही है.
