कोलकाता : शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने एक युवती की चाकू से गोद कर हत्या कर दी. यह घटना निमता थाना के फतुल्लापुर इलाके की है. पुलिस ने घटना के सिलसिले में हत्या के आरोपी शकील अहमद को गिरफ्तार किया है. शकील दिल्ली के नजीबगंज का रहनेवाला है. मृतका का नाम आयशा खातून (18) बताया गया है. बताया जाता है कि आयशा का जीजा सिराजुल हक और शकील अहमद दोनों मित्र हैं. दोनों दिल्ली में गाड़ी चलाते हैं. बताया जाता है कि शकील अपने मित्र सिराजुल के साथ कुछ दिन पहले फतुल्लापुर आया था. उसने इस दौरान कई बार उसके साथ शादी करने के लिए प्रस्ताव दिया, लेकिन आयशा ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया. इससे वह काफी नाराज था.
32 साल के शकील ने शनिवार को शराब पी रखी थी. आरोप है कि उसने फिर शादी का प्रस्ताव दिया, लेकिन फिर इनकार करने पर वह बेकाबू हो गया. उसने उस पर कई बार चाकू से हमला किया. खून से लथपथ वह फर्श पर गिर पड़ी. चीख सुन कर आसपास के लोग वहां पहुंच गये. आयशा को गंभीर अवस्था में उत्तर दमदम अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने शकील को मारपीट कर निमता थाने के हवाले कर दिया. उसे रविवार को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट ने उसे चार दिनों तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दिया.
