बच्चों की तस्करी का मामला. सीआइडी टीम के हाथ लगी बड़ी सफलता
गिरफ्तारी के डर से बादुड़िया के नर्सिंगहोम से हो गया था फरार
बर्दवान के मेमारी में एक रिश्तेदार के घर में लिया था शरण
ट्रीटमेंट करानेवालीं महिलाओं को बातों में फंसा कर नर्सिंगहोम में कर लेता था भरती
तीन डॉक्टरों समेत 18 आरोपियों को सीआइडी कर चुकी है गिरफ्तार, कई अन्य की तलाश जारी
कोलकाता : उत्तर 24 परगना व कोलकाता के कई नर्सिंगहोम से नवजात बच्चों को ऊंची कीमत में बेचने के आरोप में उत्तर 24 परगना के बादुड़िया स्थित सोहन नर्सिंगहोम के एक फरार चिकित्सक तपन विश्वास को सीआइडी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. सीआइडी सूत्रों के मुताबिक इस रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद से वह नर्सिंगहोम से फरार होकर भागा फिर रहा था. गुप्त जानकारी के आधार पर बर्दवान के मेमारी में एक रिश्तेदार के घर से उसे गिरफ्तार किया गया.
सीआइडी सूत्रों के मुताबिक जब बादुड़िया के सोहन नर्सिंगहोम में छापेमारी की गयी थी. उसी समय इस चिकित्सक का नाम सामने आया था. जांच में पता चला कि उसके नर्सिंगहोम में चिकित्सा के लिए आनेवालीं महिलाओं को वह समझा-बुझा कर वह अपने नर्सिंगहोम में भरती करवा देता था. गर्भवती महिलाएं दूसरी जगहों में चिकित्सा न करायें, इसके लिए उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसा कर बच्चा खराब होने का डर दिखाता था. इसके बाद यहां भरती होनेवालीं महिलाओं का ऑपरेशन कर उनके बच्चों को मरा बताकर वह उसे बेच देता था.
सीआइडी अधिकारी बताते हैं कि काफी जगहों पर उसे गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की गयी, लेकिन वह हर बार पुलिस की जाल से बच रहा था. अंत में रविवार सुबह को उसे गिरफ्तार किया गया. स्थानीय अदालत में पेश करने पर उसे 10 दिनों के लिए सीआइडी हिफाजत में लिया गया है. सीआइडी अधिकारी बताते हैं कि इसके पहले ठाकुरपुकुर इलाके से इस घटना की एक अन्य प्रमुख अारोपी बासंती चक्रवर्ती को भी सीआइडी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ हो रही है. गौरतलब है कि इस मामले में अब तक सीआइडी की टीम तीन डॉक्टरों समेत कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. कुछ और आरोपी फरार है, जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
गिरफ्तार मुख्य आरोपी के रिश्तेदार ने लगायी फांसी
कोलकाता : उत्तर 24 परगना के बादुड़िया से लेकर महानगर के विभिन्न नर्सिंगहोम से नवजातों को बेचने के मामले में गिरफ्तार जोका ओल्ड एज होम व रिहैब सेंटर की मालकिन बासंती चक्रवर्ती के रिश्तेदार तन्मय चक्रवर्ती (28) ने फांसी लगाकर जान दे दी. घटना ठाकुरपुकुर इलाके के हंसपुकुर मंडलपाड़ा में शनिवार देर रात दो बजे के करीब कमरे में उसे साड़ी की मदद से फंदे से लटके हालत में पाया गया. खबर पाकर ठाकुरपुकुर थाना की पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस को प्राथमिक जांच में स्थानीय लोगों ने बताया कि तन्मय चक्रवर्ती बासंती का रिश्तेदार है.
वह ठाकुरपुकुर इलाके के इस घर में बासंती व अन्य परिवार के सदस्यों के साथ रहता था. काफी दिनों से वह बेरोजगार था. इधर, बच्चों की बिक्री मामले में सीआइडी के हाथों बासंती की गिरफ्तारी के बाद से वह और भी ज्यादा मानसिक तनाव में आ गया था. शनिवार रात को कमरे से उसका शव बरामद किया गया. दूसरी ओर, तन्मय की आत्महत्या की खबर मिलने के बाद सीआइडी सूत्रों का कहना है कि बासंती के साथ बच्चों की खरीद बिक्री मामले में उसका भी कोई भूमिका थी या नहीं, इसे देखा जा रहा है.
हालांकि कमरे के कोई सुसाइड नोट पुलिस ने बरामद नहीं किया है. आसपास के लोगों से इस बारे में पूछताछ हो रही है. गौरतलब है कि बच्चों की तस्करी में नाम सामने आने के बाद सीआइडी की टीम ने बासंती को गिरफ्तार किया था. बच्चों को बेचने के मामले में और भी ज्यादा सीआइडी हिरासत में उससे जानकारी हासिल करने की कोशिश हो रही है.
