कोलकाता: प्रदेश कांग्रेस को सोमवार को एक और झटका लगा जब उसका एक विधायक सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया. इसके साथ ही पिछले एक साल में चार विधायक कांग्रेस का दामन छोड़कर सत्तारुढ़ दल का हाथ थाम चुके हैं.
कांग्रेस के बांकुड़ा कोतुलपुर से विधायक सौमित्र खान ने पार्टी छोड़ दी और सोमवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये. तृणमूल के महासचिव मुकुल राय ने खान का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पूरे राज्य से लोग उनकी पार्टी में शामिल हो रहे हैं. खान के साथ ही आसनसोल ,जलपाईगुड़ी और जंगलमहल के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी तृणमूल में शामिल हुए.
इनमें बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमित गुप्ता शामिल हैं. गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में तीन अन्य कांग्रेस विधायक मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र के हुमायूं कबीर, मालदा जिले के इंगलिशबाजार के कृष्णोंदु नारायण चौधरी और नदिया जिले के शांतिपुर क्षेत्र के विधायक अजय डे तृणमूल में शामिल हो चुके हैं.
