कोलकाता: 2011 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अगर सबसे अधिक किसी दल में फूट पड़ी है तो वह कांग्रेस पार्टी है. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने तो जैसे कांग्रेस के नेताओं को अपने निशाने पर ही ले लिया है.
अब तक कई बड़े नेता व विधायक कांग्रेस छोड़ कर तृणमूल का दामन थाम चुके हैं. हद तो तब हो गयी जब विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक असित माल भी कांग्रेस को अलविदा कह तृणमूल की नाव पर सवार हो गये. पार्टी में हो रही इस फूट से प्रदेश नेतृत्व काफी परेशान व चिंतित है. इस स्थिति को रोकने के लिए राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक मो. सोहराब दुर्गापूजा के बाद कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक करेंगे. सूत्रों के अनुसार आगामी नौ अक्तूबर को यह बैठक होगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री सोहराब का मानना है कि नाराजगी हो सकती है, लेकिन किसी को पार्टी छोड़ना है तो कम से कम एक बार वह नेतृत्व से बात कर ले.
श्री सोहराब चाहते हैं कि कांग्रेस विधायक व नेता खुल कर अपनी बात रखें और उनकी जो भी शिकायत हो, उसका खुल का इजहार करें. यह भी पता चला है कि प्रदेश नेतृत्व असित माल के स्थान पर विधायक नेपाल महतो को पार्टी का मुख्य सचेतक बनाने पर विचार कर रहा है.
