कोलकाता: यादवपुर विश्वविद्यालय के कैंपस में पुलिस को बुलाये जाने पर भले ही समूचा महानगर जबरदस्त आंदोलन के हवाले हो गया हो, जेयू के वाइस चांसलर अभिजीत चक्रवर्ती को अभी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस पर ही भरोसा है. छात्रों के एक और विरोध प्रदर्शन की शिकायत उन्होंने पुलिस से की है.
उल्लेखनीय है कि गत गुरुवार को आठ दिनों के बाद वाइस चांसलर जब विश्वविद्यालय में पहुंचे, तो छात्रों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया. शाम को पांच बजे जब वह वापस निकल रहे थे तब फिर उन्हें विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा.
कुछ छात्रों ने उनकी गाड़ी भी थपथपायी थी. वाइस चांसलर ने इसकी शिकायत यादवपुर थाने में की है. बाहरी लोगों को उन्होंने आरोपी बताया है. जेयू के रजिस्ट्रार ने भी पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी. पुलिस ने इस सिलसिले में धारा 147, 148, 149 और 188 के तहत मामला दर्ज किया है.
