पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज, चले अश्रु गैस के गोले

सालानपुर थाने के बनजेमारी कोलियरी में बच्चा चोर के संदेह में मॉब लिंचिंग आसनसोल : सालानपुर थाना क्षेत्र में मॉब लिंचिंग की घटना के शिकार रेलपार बाबू तालाब निवासी मोहम्मद असलम खान के शव के साथ मुआवजे के मांग पर रेलपार डॉ बीसी रॉय रोड के निकट प्रदर्शन कर रहे मोहल्लेवासियों एवं पुलिस के बीच […]

सालानपुर थाने के बनजेमारी कोलियरी में बच्चा चोर के संदेह में मॉब लिंचिंग

आसनसोल : सालानपुर थाना क्षेत्र में मॉब लिंचिंग की घटना के शिकार रेलपार बाबू तालाब निवासी मोहम्मद असलम खान के शव के साथ मुआवजे के मांग पर रेलपार डॉ बीसी रॉय रोड के निकट प्रदर्शन कर रहे मोहल्लेवासियों एवं पुलिस के बीच झडप में एक अवर निरीक्षक सहित दो पुलिस कांस्टेबल घायल हो गये. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आधे दर्जन आंसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज किया.
पत्थरबाजी में पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये. थाना पुलिस ने भीड़ को उकसाने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा देने के आरोप में शामिल 150 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी अभियान शुरू किया है. इलाके में कई टुकडियों में पुलिस बलो की तैनाती की गयी है. पुलिस के गश्ती दल के वाहन इलाके में नियमित गश्त लगा रहे हैं.
ज्ञात हो कि सालानपुर थाना अंतर्गत बनजेमारी कोलियरी पुराना कांटा घर के निकट मॉब लिचिंग का शिकार हुए रेलपार बाबू तालाब पावर हाउस निवासी मोहम्मद असलम खान (38) के शव को गुरूवार की संध्या जिला अस्पताल से उसके आवास पर लाया गया. शव के पहुंचते ही इलाके में हाहाकार मच गया. घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य असलम के पिता की मौत हो चुकी है.
घर पर उसकी मां, पत्नी, एक बच्चा और छह बहनें हैं. मोहल्लेवासियों ने मुआवजे और आश्रिक को नौकरी के मांग पर डॉ बीसी रॉय रोड के निकट शव के साथ प्रदर्शन किया और पथावरोध कर दिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा कर पथावरोध समाप्त करने का प्रयास किया परंतु वे मानने को तैयार नहीं थे.
स्थानीय वार्ड पार्षद नूर रफत परवीन, पार्षद नसीम अंसारी और इलाके के जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने. स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस की सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी देवज्योति साहा, एडीसीपी (सेंट्रल) शायक दास, एसीपी (सेंट्रल) स्वपन दास, कन्यापुर आइसी, जहांगीरी मोहल्ला टीआइसी से भारी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे. धादका निवासी युवक बाइक से गुजर रहा था.
भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उसे रोक कर पुलिस के सामने ही उसकी पिटाई शुरू कर दी. युवक को बचाने के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष शुरू हो गया. पुलिस ने युवक को भीड़ से बचा कर घर भेजा. प्रदर्शनकारी उग्र हो उठे. जिसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. अवर निरीक्षक सहित दो कांस्टेबल घायल हो गये. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले दागे और लाठी चार्ज कर दिया. जिसके बाद लोगों में भगदड़ मच गयी. पुलिस ने लोगों को खदेड़ना आरंभ कर दिया.
पार्षद नूर रफत परवीन और पार्षद नसीम अंसारी ने कहा कि उग्र भीड़ को समझाने का प्रयास किया परंतु वह बात मानने को तैयार नहीं हुई. उन्होंने कहा कि मृतक असलम के मुआवजे और आश्रिक को नौकरी के लिए सरकार से मांग करेंगे. रेलपार बाबू तालाब पावर हाउस, रिलायंस मार्केट रोड, सुगम पार्क सहित इलाके के प्रमुख चौराहों पर कई टुकडियों में पुलिस की तैनाती की गयी है. स्थिति नियंत्रण में बतायी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >