पानागढ़ : बीरभूम जिले के नानूर थाना के साकुनीपुर ग्राम में विवाह के 10 माह बीतने के बाद भी पति द्वारा गौना नहीं कराने पर पत्नी साहेरा खातून स्वयं ही ससुराल पहुंच गयी. पति ने जब उसे अपनाने से इंकार किया तो उसने ससुराल में धरना शुरू कर दिया.
साहेरा ने कहा कि 11 नवंबर, 2018 को जमीरुल शेख के साथ उसका निकाह हुआ था. लेकिन उसका शौहर उसे ने ससुराल नही ले गया. गौना की आस में 10 माह मायके में बैठी रही. पति और ससुरालवालों की कोई पहल नहीं होते देख साहेरा रविवार को स्वयं ससुराल पहुंच गई. ससुराल पहुंचने पर शौहर ने अपनाने से इंकार कर दिया.
साहेरा ने तृणमूल जिला अध्यक्ष अनुव्रत मंडल से मदद मांगी. श्री मंडल ने उसे पुनः ससुराल भेजा. ससुरालवालों तथा पति ने धक्का देकर उसे बाहर निकाल दिया. वह ससुराल के समक्ष ही सड़क पर धरना पर बैठ गई. सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने दोनों पक्षों को थाने में बुला कर पूछताछ की.
