आरोपियों के पास से 20 पुड़िया बरामद, पुलिस को सौंपा
मालदा : मादक पदार्थ बेचने के आरोप में उत्तेजित जनता ने नशे के दो कारोबारियों की सामूहिक पिटाई कर दी. गुरुवार की सुबह यह घटना मालदा शहर के महेशमाटी इलाके में हुई. नशे के दोनों कारोबारियों के पास से लगभग 20 पुड़िया बरामद की गयी. स्थानीय लोगों का दावा है कि इसमें ब्राउन सुगर है. इलाके के लोगों का आरोप है कि नशे के कारोबारी माहौल खराब कर रहे हैं. सामूहिक पिटाई के बाद आरोपियों को इंगलिश बाजार थाना पुलिस के हाथों सौंप दिया गया.
जनता के हाथों पिटे युवकों की पहचान उत्तम हरिजन और रतन कुमार के रूप में हुई. वे मालदा शहर के झलझलिया इलाके के निवासी हैं. गुरुवार की सुबह दोनों शहर के महेशमाटी इलाके में संदिग्ध अवस्था में घुम-फिर रहे थे. तभी स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ शुरू की. तलाशी में पुड़िया बरामद होने के बाद लोगों का पारा चढ़ गया और उन्होंने उसकी जमकर धुलाई कर दी. पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.
