उत्तर बंगाल से लेकर नेपाल व बांग्लादेश तक नेटवर्क
सिलीगुड़ी : मादक पदार्थों व देहव्यापार का कालाधंधा चलानेवाली पतली माया ने पुलिस का सिरदर्द बढ़ा रखा है. कई शिकायतों के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार करने में असफल रही है. उत्तर बंगाल के साथ पड़ोसी देश नेपाल व बांग्लादेश में भी उसका जाल फैला हुआ है. सिलीगुड़ी शहर के खालपाड़ा स्थित रेड लाइट इलाके में पतली माया का डेरा है. यहीं से वह अपने पूरे नेटवर्क का संचालन करती है.
बीते सोमवार की रात सिलीगुड़ी थाना पुलिस को डुआर्स के चाय बागान इलाके से दो नाबालिग लड़कियों को खालपाड़ा के रेड लाइट इलाके में लाये जाने की जानकारी मिली. इसके बाद खालपाड़ा आउटपोस्ट पुलिस वहां पहुंची. पूरा इलाका छान मारने के बाद भी उन नाबालिगों और पतली माया का कुछ पता नहीं चला. पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा. इससे पहले भी कई शिकायतों पर पुलिस ने पतली माया की तलाश में रेड लाइट इलाके में छापेमारी की, लेकिन उसकी परछाई तक नहीं मिली.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपनी काया के विपरीत माया का जाल है. रेड लाइट इलाके के दलालों में उसका स्थान नंबर एक पर है. पड़ोसी देश नेपाल व बांग्लादेश के साथ देश के विभिन्न राज्यों व उत्तर बंगाल के चाय बागान इलाकों से नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के दलदल में धकेलना उसका मुख्य पेशा है. इसके साथ ही गांजा, हेरोइन, चरस व अवैध शराब उसका साइड बिजनेस है.
पतली माया के खिलाफ छद्म नाम से कई बार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई है. लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के डीसीपी गौरव लाल ने बताया कि यह नाम उन्होंने पहले नही सुना है. रेड लाइट इलाके में कई बार अभियान भी चलाया गया है. रेड लाइट इलाके के कुछ लोगों को इलाका छोड़ने का निर्देश दिया गया है. उन लोगों पर निगरानी भी रखी जा रही है.
