लड़कियों से दोस्ती कर रंगरेलियां मनाने का भेजते थे मैसेज
रजिस्ट्रेशन समेत कई शुल्क के नाम पर लेते थे रुपये
कोलकाता : लोगों को मोबाइल हाइ प्रोफाइल लड़कियों से दोस्ती कर उनके साथ रंगरेलियां मनाने का प्रलोभन भरा मैसेज भेज कर ठगी करनेवाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसके पास से बैंक के कई दस्तावेज भी जब्त किये गये हैं.
आरोपी का नाम नेपाल मंडल (34) है. जबकि पीड़ित का नाम रफीकुल इस्लाम है. उससे 1.4 लाख रुपये की ठगी की गयी है. रफीकुल ने विधाननगर साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी थी जिसकी जांच में जुटी पुलिस ने ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नेपाल को गिरफ्तार कर लिया.
क्या है घटना :
पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र के चारघाट का रहनेवाला है. बताया जाता है कि घटना दो साल पहले की है. शिकायतकर्ता मूल रूप से मालदा का रहनेवाला है. वर्तमान में वह सॉल्टलेक में रहता है. उसने शिकायत दर्ज करायी है थी कि उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें हाइ प्रोफाइल लड़कियों से दोस्ती कर रंगरेलियां मनाने का एक झांसा दिया गया था. इसके बाद उससे रजिस्ट्रेशन समेत कई शुल्क के लाख रुपये ठग लिये गये.
प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने वेबसाइट बनायी थी और इच्छुक लोगों को उस वेबसाइट पर संपर्क करने को कहा जाता था, जहां से वे विभिन्न हाई प्रोफाइल लड़कियों का प्रलोभन देकर लोगों को अपने झांसे में ले लेते थे. पुलिस का कहना है कि नेपाल मंडल से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
