आद्रा : पुरुलिया जिले के आरसा में दुर्गापूजा देखने के दौरान पत्नी और बहन के साथ छेड़छाड़ किये जाने का विरोध करने पर आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों ने पीट-पीट कर धरनी सिंह सरदार (35) की हत्या उसकी पत्नी व बहन के सामने ही कर दी. हालांकि स्थानीय थाना पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना बताया है. इलाके में सनसनी है. परिजनों में मातम तथा स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
मृतक धरनी की पत्नी व घटना की चश्मदीह गवाह शिवानी सिंह सरदार ने बताया शनिवार की संध्या वह अपने पति और ननद के साथ गांव के मेले में गई थी. वहां चार मनचले युवकों ने उनके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ शुरू कर दी. उनके कपड़े पकड़कर खींचने लगे. उसके पति धनवीर ने इसका प्रतिवाद किया. मामूली विवाद के बाद मामला शांत हो गया. रात में जब तीनों बाइक से घर लौटने लगे तो बीच रास्ते में दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये उन्हीं चार युवकों ने उन्हें घेर लिया तथा संभलने से पहले ही उन पर हमला कर दिया.
तीनों मोटरसाइकिल से गिर पड़े और युवकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी. इसके बाद वह बेहोश हो गई. कुछ देर बाद गांव के लोगों ने सहायता की और उन्हें अस्पताल ले गये. जांच के बाद चिकित्सक ने पति को मृत घोषित कर दिया. उनके शरीर पर चोट के काफी निशान थे. उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी. उसने कहा कि पिटाई से उसके पति की मौत हुई है तथा उसे न्याय मिलना चाहिए.
इधर पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिना हेलमेट पहने धरनी बाइक तेज गति से चला रहा था. नियंत्रण खोने से बाइक उलट गई. धरनी तथा उसकी बहन को काफी चोटें आईं. धरनी की मौत बाइक दुर्घटना के कारण ही हुई है.
