वाराणसी में छात्रा का खौफनाक अंत, प्रेमी के कमरे से शव बरामद ; आरोपी फरार

वाराणसी में MSc छात्रा श्रेया उपाध्याय की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. कॉलेज के लिए निकली छात्रा का शव प्रेमी के किराये के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

UP Crime News: 18 अगस्त से लापता श्रेया का शव बच्छांव स्थित विवेक चौबे के किराये के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ. कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. ननिहाल में मिली चाबी से कमरे का ताला खुलने के बाद अंदर शव मिलने की जानकारी हुई. पुलिस आरोपी विवेक चौबे की तलाश में जुटी है.

कॉलेज के लिए निकली थी श्रेया, फिर नहीं लौटी घर

राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की बेटी श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में M.Sc. फर्स्ट ईयर की छात्रा थी. परिजनों के अनुसार, 18 अगस्त को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी. शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दर्ज करायी गयी. जांच के दौरान पुलिस ने श्रेया के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली. उसकी आखिरी लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली. इसी दौरान परिजनों को पता चला कि श्रेया का परिचित विवेक चौबे भी अचानक लापता है. इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.

ननिहाल में रखे बैग से मिली किराये के कमरे की चाबी

परिजनों को विवेक के मिर्जापुर के सीखड़ गांव स्थित ननिहाल के बारे में जानकारी मिली. वहां उसके मामा के घर रखे बैग की तलाशी लेने पर बच्छांव स्थित किराये के कमरे की चाबी मिली. इसके बाद परिजन पुलिस के साथ कमरे पर पहुंचे. कमरे पर ताला लगा हुआ था. चाबी से ताला खोलने के बाद अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी. पुलिस और परिजनों ने कमरे की जांच की तो बाथरूम में श्रेया का शव मिला. शव की हालत खराब हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद से विवेक चौबे फरार बताया जा रहा है.

शादी तय होने के बाद विवाद की आशंका, पुलिस कर रही जांच

परिजनों ने विवेक चौबे पर श्रेया की हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में बंद कर आरोपी फरार हो गया. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि श्रेया की शादी परिवार ने हाल ही में पास के गांव के एक युवक से तय की थी. परिजनों को आशंका है कि इसी बात को लेकर विवेक नाराज था. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. डीसीपी गोमती नीतू काद्यान ने बताया कि श्रेया का शव जिस कमरे से बरामद हुआ, वह विवेक चौबे ने किराये पर लिया था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं. टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है.

Also Read: थाईलैंड से गोरखपुर पहुंचा डेढ़ करोड़ का ‘OG गांजा’, ANTF ने पांच को दबोचा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >