UP News: सावन के तीसरे सोमवार को मार्कंडेय महादेव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे कांवड़ियों के साथ चौबेपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया. परिधि अस्पताल के सामने सड़क किनारे आराम कर रहे चार कांवड़ियों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी. हादसे में एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गंगाजल लेकर पैदल निकले थे कांवड़िए
जानकारी के अनुसार, चारों कांवड़िए रविवार रात वाराणसी से गंगाजल लेकर पैदल मार्कंडेय महादेव मंदिर के लिए निकले थे. सोमवार सुबह चौबेपुर हाईवे पर परिधि अस्पताल के सामने पहुंचने के बाद सभी सड़क किनारे कुछ देर के लिए विश्राम कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और चारों कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
कार की टक्कर लगते ही मौके पर चीखे गूंजने लगी और अफरा -तफरी मच गयी.आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया.सभी घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने विनीत तिवारी (25), पुत्र विनोद तिवारी, निवासी काल भैरव, वाराणसी को मृत घोषित कर दिया.
तीन कांवड़ियों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
एसीपी सारनाथ ने बताया कि हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों का उपचार चल रहा है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: बरेली में जमीन खरीदना होगा महंगा, 20% तक बढ़ेगा सर्किल रेट, इन इलाकों पर पड़ेगा सीधा असर
